मुख्यमंत्री बोले- मैंने आर्थिक चुनौतियों का सामना डटकर किया; कर्ज के सहारे व्यवस्था नहीं चल सकती

कांगड़ा: मुख्यमंत्री ने इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 15 माह पूर्व जब उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली तो चर्चा शुरू हुई कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू कभी मंत्री नहीं रहे अब मुख्यमंत्री पद कैसे संभालेंगे। लेकिन मैंने आर्थिक चुनौतियों का सामना डटकर किया क्योंकि कर्ज के सहारे व्यवस्था नहीं चल सकती। आज प्रत्येक हिमाचली पर एक लाख रुपए से ज्यादा का कर्ज है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता के चाहवान कुछ लोगों ने राज्य सरकार को गिराने का असफल प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मेरे साथ आम जनता का समर्थन है। सभी चुनौतियों का सामना कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें धन-बल से लोकतंत्र की हत्या करना चाहती हैं, जिन्हें जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि बागी विधायक पंचकुला के पांच सितारा होटल में रुकने के बाद अब उत्तराखंड के ऋषिकेश चले गए हैं। उन्होंने कहा कि गंगा मैया भी उनके पाप नहीं धो पाएगी। जिन लोगों ने आमजन की भावना से खिलवाड़ किया है, ऐसे विधायकों का जनता कभी साथ नहीं देगी। उन्होंने कहा कि छह विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोट किया।

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने लूट के रास्ते को बंद किया और सरकार के ईमानदार प्रयासों से 2200 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ है। इस राजस्व से महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह देने की घोषण की गई है। बजट में भी आम लोगों के लिए अनेक योजनाओं को प्रावधान किया गया है, मनरेगा मजदूरी में 60 रुपए की बढ़ौतरी, किसान से गाय के दूध का क्रय मूल्य 32 रुपए से बढ़ाकर 45 रुपए किया गया है और भैंस के दूध को 55 रुपए में खरीदा जाएगा। पुलिस की डाइट मनी बढ़ाकर एक हजार तथा कर्मचारियों को चार प्रतिशत मंहगाई भत्ता दिया गया है।

उन्होंने कहा कि विधायक मलेंद्र राजन एक ईमानदार नेता हैं तथा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा चिंतित रहते हैं। उन्होंने कहा कि वह इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के लिए जो भी मांग उनके सामने रखेंगे उसे पूरा किया जाएगा।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed