मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू बोले- सभी को मंत्रिमण्डल में जगह देना संभव नहीं…

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिले के देहरा और नगरोटा बगवां में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बागी विधायकों की मदद से भाजपा के आलोकतांत्रिक तरीके से सत्ता हासिल करने के मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने वाली भाजपा को जनता सबक सिखाएगी। लोगों ने कांग्रेस सरकार को पांच साल के लिए सेवा का मौका दिया है और वे पूरी मजबूती से जन सेवा तथा विकास करके वर्ष 2027 में एक बार फिर जनता की अदालत में आएंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के निशान पर जीते 6 विधायकों ने पार्टी से दगाबाजी की है और इन विधायकों को उनसे व्यक्तिगत विरोध हो सकता था, लेकिन पार्टी से विरोध नहीं होना चाहिए था। ये विधायक बजट सत्र के दौरान हैलीकॉप्टर से उड़े और तब से पंचकूला में आराम फरमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के खिलाफ जाने वालों में से एक विधायक ऐसे भी हैं जिन्हे पार्टी ने पूर्व में मंत्री भी बनाया था। उन्हीं के पिता पूर्व में मंत्री और पार्टी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि सभी को मंत्रिमण्डल में जगह देना संभव नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे दो दशक से विधायक हैं और अब जनता के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री के रूप में सेवा का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि वह राजनीति में सत्ता सुख के लिए नहीं बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं तथा सरकार पूर्व सरकार की भ्रष्ट नीतियों पर लगाम लगाई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश की आर्थिकी को पुनः पटरी पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने नगरोटा बगवां में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि का फॉर्म जारी करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार 18 साल से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह सम्मान राशि देगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed