सरकारी क्षेत्र में की जा रहीं 20 हजार भर्तियां: मुख्यमंत्री

पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगा 350 करोड़  से बनने वाला वन्य प्राणी उद्यान

कांगड़ा: प्रदेश सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही है। इसके लिए नीतियों-कानूनों में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह बात आज कांगड़ा जिले के देहरा और नगरोटा बगवां में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार युवा हितैषी सरकार है और उनके लिए सरकारी क्षेत्र में 20 हजार भर्तियां की जा रही हैं। जलशक्ति विभाग में करीब 10 हजार युवाओं को नौकरी देने के साथ ही शिक्षा विभाग में 6500, पुलिस विभाग में 1231, वन विभाग में 2061 तथा खनन विभाग में करीब 100 भर्तियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी क्षेत्र में नौकरियां देने के साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार यह भी सुनिश्चित कर रही है कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित बनाया जाए।
देहरा के बगलामुखी में जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि 350 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाला वन्य प्राणी उद्यान कांगड़ा जिला समेत पूरे प्रदेश में पर्यटन विकास को नई गति तथा आर्थिक मजबूती प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने नगरोटा बगवां में स्टार्टअप इंक्यूबेशन सेंटर खोलने, बहुउद्देशीय मॉडल खेल परिसर बनाने, एकीकृत नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र खोलने की घोषणा की। उन्होंने नगरोटा बगवां तथा आसपास के क्षेत्र के लिए मल निकासी योजना की घोषणा की तथा 80 मीटर स्पैन के बड़ोह बाथू पुल के निर्माण को भी स्वीकृति दी। उन्होंने नगरोटा बगवां के चंगर क्षेत्र में 68 करोड़ रुपये की सिंचाई योजना, नगरोटा बगवां में मॉडल पुलिस स्टेशन व चामुंडा से वृंदावन के लिए एचआरटीसी की एसी बस चलाने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास में पूर्व मंत्री जी.एस.बाली के योगदान को स्मरण किया तथा नगरोटा के विकास के लिए आर.एस.बाली की प्रतिबद्धता की सराहना की।
इस अवसर पर पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आर.एस. बाली ने विकास परियोजनाओं की सौगत के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनके मजबूत नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज की अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने अपनी निधि से नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के 514 पंजीकृत महिला मंडलों को 11-11 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की। उन्होंने मुख्यमंत्री के हाथों सांकेतिक तौर पर पांच महिला मंडलों को धनराशि के चेक भेंट किए।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता डॉ. राजेश शर्मा तथा नरदेव कंवर ने देहरा को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed