Himachal Budget Session: प्रदेश के बजट सत्र में होंगी 13 बैठकें, 785 प्रश्न हुए प्राप्त

शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिवालय में  आगामी बजट सत्र के दृष्टिगत पत्रकार दीर्घा समिति की  बैठक तथा पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। बैठक के उपरान्त पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की चौदहवीं विधान सभा का पंचम सत्र दिनाँक 14 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे राज्यपाल महोदय के अभिभाषण के साथ  आरम्भ होगा। सत्र के प्रथम दिन राज्यपाल महोदय का अभिभाषण  होगा। 

पठानिया ने कहा  कि यह सत्र 29 फरवरी तक चलेगा तथा इस सत्र में कुल 13 बैठकें होंगी। राज्यपाल महोदय के अभिभाषण पर 15  व 16 फरवरी को चर्चा होगी। 17 फरवरी, 2024 को शनिवार के दिन माननीय मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू वित्तीय वर्ष 2024-2025 के लिए  बजट अनुमानों को प्रस्तुत करेंगे। यह वर्तमान सरकार का दूसरा बजट सत्र होगा।

 19 से 22 फरवरी तक बजट अनुमान वित्तीय  वर्ष 2024-2025 पर चर्चा होगी 2627 फरवरी को बजट अनुमान 2024-2025 मांगो पर चर्चा एवं मतदान होगा तथा 29 फरवरी को मांगो पर चर्चा विनियोग विधेयक- पूर: स्थापना, विचार विमर्श एवं पारण होगा। 22 फरवरी व 28 फरवरी, 2024 के दिन गैर सरकारी कार्य सदस्य दिवस के लिए निर्धारित किए गए हैं। उप- मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की धर्मपत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के दु:खद निधन तथा पूर्व विधायक दीना नाथ शास्त्री के निधन पर शोकोदगार भी होंगे।

पठानिया ने कहा कि 14 फरवरी तक माननीय सदस्य अपनी सूचनाएं इस सचिवालय को भेज सकते हैं।  उन्होने कहा कि विधान सभा सचिवालय बजट सत्र के आयोजन के लिए पूरी तरह से सजग है तथा तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। बजट सत्र के दृष्टिगत विधान सभा की  सुरक्षा को चाक चौबंद करने हेतु आज अपराह्न 3 बजे हि.प्र, सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक होगी जिसमें अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए जाएंगे अलबत्ता प्रशासन पहले से ही तैयारियों में जुटा है। परिवहन, सुरक्षा तथा पार्किंग व्यवस्था को सुनिश्चित  करने के लिए अधिकारियों को पहले ही जरूरी निर्देश दिए गए हैं।

कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि इस सत्र में माननीय सदस्यो से कुल 785 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं जिसमें 578 प्रश्न तारांकित   (Online 489 व  Offline 89 ) तथा  207 प्रश्न अतारांकित (Online  164 व  Offline 43) की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं जिन्हें नियमानुसार सरकार को आगामी कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया है। इसके अतिरिक्त नियम 61, 62, 63, 67 तथा 324  के तहत  अभी तक कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है जबकि नियम 101 के अन्तर्गत 7 सूचनाएं, नियम 130 के अन्तर्गत 8  सूचनाएं प्राप्त हुई है। जिन्हें  आगामी कार्रवाई हेतु सरकार को प्रेषित कर दिया गया है। सदस्यों से जो सूचनाएं प्रश्नों के माध्यम से प्राप्त हुई हैं वह मुख्यत: सड़कों की दयनीय स्थिति, स्वीकृत सड़कों की DPR’s, प्रदेश में महाविद्यालयों, स्कूलों, स्वास्थ्य संस्थानों इत्यादि का उन्नयन एवं विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की पदपूर्ति, पर्यटन, उद्यान, पेयजल की आपूर्ति, युवाओं में बढ़ते नशे के प्रयोग की रोकथाम, बढ़ते अपराधिक मामलों व सौर ऊर्जा तथा परिवहन व्यवस्था तथा प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान पर किए गए प्रबन्धों पर आधारित है। इसके अतिरिक्त माननीय सदस्यों ने प्रश्नों के माध्यम से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से सम्बन्धित मुख्य मुद्दों को भी उजागर किया है।

उन्होने कहा कि 22 वर्षों के बाद सदन के अन्दर लगभग 94 लाख रूपये की अनुमानित लागत से पुराने Audio Conferencing System को बदलकर उसका नवीनीकरण किया गया है तथा अब बेहतर एवं परिष्कृत  Audio Digital Conferencing System को स्थापित किया गया है। जिससे अब माननीय विधायकों को सुनने तथा बोलने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed