केंद्र की भाजपा सरकार प्रदेश के साथ कर रही भेदभाव – प्रतिभा सिंह

शिमला/ रिकांगपिओ : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनावों के लिए एकजुट होकर आगे आने को कहा है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस बहुत ही मजबूत है और इसी मजबूती से पहले हम प्रदेश में मण्डी संसदीय उप चुनाव सहित तीन विधानसभा उप चुनाव जीतने के बाद विधानसभा चुनाव जीते हैं। उन्होंने इस जीत का पूरा श्रेय कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि अब उन्हें अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए भी मैदान में डटना होगा।
आज रिकांगपिओ में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्हें भाजपा के किसी भी दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देना है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार प्रदेश के साथ भेदभाव कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इतनी बड़ी आपदा आई पर केंद्र की मोदी सरकार ने प्रदेश की कोई भी मदद नहीं की। उन्होंने कहा कि आज देश में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी भाजपा की नीतियों व तानाशाही निर्णयों का ही परिणाम है।
प्रतिभा सिंह कहा कि जनजातीय क्षेत्रों का विकास कांग्रेस सरकार की ही देन रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री स्व.वीरभद्र सिंह ने इन क्षेत्रों के विकास के लिये विशेष योजनाएं बना कर विशेष बजट का प्रावधान किया था।
इस दौरान राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने अपने सम्बोधन में स्व. वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि जनजातीय क्षेत्रों का विकास वीरभद्र सिंह की ही देन रहा है। उन्होंने कहा कि अब इस क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह उनके कार्यो को आगे बढ़ा रही हैं।
जगत सिंह नेगी ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में भी वह अपनी राजनीति कर झूठ बोल कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार आपदा प्रभावित सभी लोगों की पूरी मदद कर रही है। उन्होंने पूर्व में कांग्रेस पार्टी को दिए अपने बहुमूल्य सहयोग के लिये आभार व्यक्त करते हुए आगामी लोकसभा चुनावों में भी कांग्रेस को अपना पूर्ण बहुमत देने का आग्रह किया।
बैठक को कांग्रेस महासचिव जिला के प्रभारी महेंद्र स्तान व जिला अध्यक्ष उमेश नेगी ने भी अपने सम्बोधन में पार्टी की मजबूती के लिए एकजुट होने का पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed