ऊना : बाथू बाथड़ी औद्योगिक स्थित एक फैक्ट्री में आग लगने से लाखों का नुकसान

ऊना: बाथू बाथड़ी औद्योगिक स्थित एक फैक्ट्री में शुक्रवार रात को आग भड़क गई। दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। घटना में करीब 12 लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 2 बजे स्टील के बर्तन बनाने वाले उद्योग में आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने भयानक रूप ले लिया। सूचना मिलने पर टाहलीवाल से दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लीडिंग फायरमैन सुनील दत्त के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया।

करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत कर कर्मियों ने भड़की आग पर काबू पाया। हालांकि, इस दौरान फैक्ट्री में रखा सामान जलकर राख हो गया। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति जलने से बच गई।

आग से उद्योग में स्टील पॉलिश मैटीरियल, तैयार बर्तन और शेड जल गया। उधर, टाहलीवाल फायर स्टेशन के इंचार्ज सुनीत दत्त ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और भड़की आग पर काबू पाया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed