भाजपा ने एक षड्यंत्र के तहत कांग्रेस की राज्यसभा की एक सीट चुराई है – सुखविंदर सिंह सुक्खू

शिमला: प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मण्डी संसदीय क्षेत्र के नेताओं की बैठक

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार पूरी तरह स्थिर है और मजबूत है और वह अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि पैसे के दम पर लोकतंत्र की हत्या करने वाले षड्यंत्रकारी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मण्डी संसदीय सीट सहित प्रदेश की सभी लोकसभा व विधानसभा उप चुनावों में जीत हासिल करेगी। 

आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मण्डी संसदीय क्षेत्र के नेताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही चुनौतियों का डटकर मुकाबला करते हुए उस पर पार पाया है।  उन्होंने कहा  उनके छह विधायकों ने पैसे के लिये अपना ईमान बेच दिया,इसके लिये प्रदेश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अपने 15 माह के कार्यकाल में कई उल्लेखनीय निर्णय कर जनता के हित में कार्य किये हैं। कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन जारी कर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। इसके अतिरिक्त महिलाओं को 1500 रुपए की गारंटी भी पूरी की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की विकट आर्थिक परिस्थितियों के बाबजूद आपदा से प्रभावित लोगों की सरकार ने पूरी मदद की। उन्होंने कहा कि मण्डी जिला सबसे ज्यादा आपदा प्रभावित रहा। उन्होंने कहा कि इस दौरान न तो केंद्र की भाजपा सरकार ने प्रदेश को कोई विशेष आर्थिक मदद  दी और न ही प्रदेश भाजपा के नेताओं ने राहत कार्यो में ही कोई सहयोग दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक षड्यंत्र के तहत कांग्रेस की राज्यसभा की एक सीट चुराई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल देव भूमि है और लोग अब भाजपा को लोकसभा की चारों सीटों पर करारी हार देकर इसका हिसाब चुकता करेंगे। 

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मण्डी संसदीय क्षेत्र से उन्होंने एक योग्य अनुभवी युवा नेता विक्रमादित्य को चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य मण्डी संसदीय क्षेत्र में रिकार्ड मतों से जीत हासिल करेंगे। उन्होंने पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों से कार्यकर्ताओं के साथ एकजुटता से चुनाव प्रचार में डटने व सरकार की 15 माह की उपलब्धियों को जनता के बीच प्रमुखता से रखने को कहा।

भाजपा मुद्दों पर नही लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करती है – संजय दत्त

इससे पूर्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव मण्डी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी संजय दत्त ने पार्टी पदाधिकारियों से सभी ब्लॉकों में मजबूती के साथ ग्रासरूट में कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कहती है उसे हर हाल में पूरा करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के दस साल के कार्यकाल में महंगाई ,बेरोजगारी व महिला अत्याचार में  बड़े पैमाने पर बढ़ोतरी हुई है। भाजपा मुद्दों पर नही लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिस प्रकार से पूर्ण बहुमत वाली सरकार को अस्थिर करने की भाजपा ने कोशिश की है उससे उसका वास्तविक चेहरा सबके सामने आ चुका है। 

प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह मजबूत – कौल सिंह

पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह मजबूत है और मण्डी संसदीय सीट पर भारी मतों से जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में कांग्रेस नेताओं का बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया।

मण्डी संसदीय क्षेत्र कांग्रेस का मजबूत गढ़ – विक्रमादित्य सिंह

लोक निर्माण मंत्री मण्डी संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पार्टी आलाकमान ने उन्हें मण्डी लोकसभा चुनाव लड़ने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि पार्टी व देशहित में वह मण्डी संसदीय क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतर रहें है। उन्होंने कहा कि मण्डी संसदीय क्षेत्र उनकी जन्मभूमि के साथ साथ कर्मभूमि भी है। उन्होंने कहा कि उनके पिताश्री स्व वीरभद्र सिंह ,पंडित सुखराम  व उनकी माता प्रतिभा सिंह ने इस कसर का  प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि मण्डी संसदीय क्षेत्र कांग्रेस का मजबूत गढ़ है और इमसें वह अपनी जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि मण्डी के लोगों के आशीर्वाद से वह भी जीत हासिल कर इस क्षेत्र की सेवा करेंगे।

कांग्रेस प्रदेश की चारों सीटों पर शानदार जीत हासिल कर देश मे एक बड़ा संदेश देगी – प्रतिभा सिंह

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने बैठक में उपस्थित सभी नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने मण्डी संसदीय क्षेत्र के लिये एक अनुभवी युवा नेता को चुनाव मैदान में उतारा है वह बहुत ही सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सांसद के तौर पर उन्होंने अपने ढाई साल के कार्यकाल में सांसद निधि से मांग के अनुसार विकास कार्य पूरे किए। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वह सब एकजुट होकर पार्टी की जीत के लिये उसी तरह कार्य करें जैसे उन्होंने उनके उप चुनाव के दौरान किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की चारों सीटों पर शानदार जीत हासिल कर देश मे एक बड़ा संदेश देगी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव देश मे लोकतंत्र को बचाने के लिए व लोगों को न्याय दिलाने के लिये लड़ा जा रहा है।

बैठक को प्रकाश चौधरी,सुंदर ठाकुर,रंगीला राम राव,नंद लाल,जगत सिंह नेगी व चंद्र शेखर ने भी संबोधित करते हुए पार्टी के सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर चुनाव प्रचार में डटने को कहा।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed