शिमला: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव श्रीकांतत शर्मा का तीन दिवसीय प्रवास आज जिला सोलन से प्रारंभ हुआ। जिला सोलन के प्रमुख कार्यकर्ताओं को उन्होनें सोलन भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में सम्बोधित किया। सोलन में शिमला लोक सभा क्षेत्र के सांसद वीरेन्द्र कश्यप, प्रदेश महामंत्री एवं विधायक डा. राजीव बिन्दल, प्रदेश उपाध्यक्ष डा. राजीव सहजल, विधायक के एल ठाकुर, गोविन्द राम शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा सहित जिला के सभी प्रमुख कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनन्दन किया और उनके मार्गदर्शन को सुना। तत्पश्चात शिमला एवं महासू जिला के कार्यकर्ताओं को शिमला में सम्बोधित किया। जहां पर प्रदेश प्रवक्ता एवं महासू जिला प्रभारी गणेश दत्त, विधायक सुरेश भारद्वाज, शिमला जिला प्रभारी एवं विधायक सरवीण चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष नरेन्द्र बरागटा, डा. सिकन्दर कुमार, प्रदेश सचिव त्रिलोक जम्वाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष कपिल सूद, जिलाध्यक्ष शिमला संजय सूद, महासू जिलाध्यक्ष अजय श्याम सहित प्रमुख नेताओं ने उनका स्वागत किया।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने तीन दिवसीय प्रदेश प्रवास के दौरान जिला शिमला भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि केन्द्र की एनडीए सरकार ग्रामीण विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। सरकार का मानना है कि देश के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है कि ग्राम स्तर के विकास को प्राथमिकता दी जाए और इसी सोच के अंतर्गत भाजपानीत एनडीए सरकार ने इस वर्ष के बजट में ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं के लिए पूर्व की तुलना में अधिक बजट का प्रावधान किया है। मनरेगा में भी इस वर्ष मोदी सरकार ने वर्ष 2014-15 की तुलना में 700 करोड़ रू0 अधिक धनराशि दी है और वर्तमान सरकार ने 14वें वित्तायोग की सभी सिफारिशों को स्वीकार करते हुए पूर्व की तुलना में ग्रामीण विकास के लिए अधिक धन उपलब्ध किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि मोदी सरकार ने पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा राज्यों के साथ भेदभाव की परम्परा को पूरी तरह से खत्म करते हुए उन राज्यों को भी अधिक वित्तिय सहायता दी है जहां भाजपा की सरकारें सत्ता में नहीं है। 14वें वित्तायोग के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के बजट में लगभग 150 प्रतिशत बढ़ौतरी करके 40,625 करोड़ रू0 का प्रावधान किया गया है। केन्द्रीय सहायता से चल रही अन्य योजनाओं को भी इसमें मिला लिया जाए तो अगले 5 वर्षों में हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए 85 हजार करोड़ रू0 से अधिक की धनराशि केन्द्र से हिमाचल प्रदेश को मिलेगी।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के ग्राम विकास के लिए मोदी सरकार कृतसंकल्प है। अगले 5 वर्षों में ही प्रदेश को ग्राम विकास के लिए 1628.82 करोड़ रू. व नगर निकायों के लिए 161.42 करोड़ रू. मूल अनुदान के रूप में मिलेंगे। इसके अतिरिक्त कार्यानुसार अनुदान के रूप में हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास को 200 करोड़ रू. से अधिक धनराशि मिलेगी। जबकि 13वें वित्तायोग में ग्रामीण विकास के लिए 447.9 करोड़ रू. का ही प्रावधान किया गया था। इसी वर्ष केन्द्र सरकार द्वारा ग्रामीण विकास के लिए 195.39 करोड़ रू. व शहरी निकाय के लिए 19.36 करोड़ रू. की धनराशि का प्रावधान किया गया है। जबकि वर्ष 2014-15 में दोनों मदों में संयुक्त रूप से 161.42 करोड़ रू. का ही प्रावधान किया गया था। केन्द्र द्वारा हिमाचल प्रदेश को उपलब्ध करवाई जा रही वित्तिय सहायता से यह बात पूरी तरह सिद्ध होती है कि हिमाचल, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए मोदी सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। परन्तु यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केन्द्र द्वारा उपलब्ध धनराशि का प्रदेश सरकार समुचित उपयोग नहीं कर पा रही है।
इस मौके पर बोलते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान प्रदेश कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार से लवरेज सरकार है और केवल अपने पापों को छुपाने के लिए बयानबाजी करके भाजपा को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। उन्होनें कहा कि वीरभद्र सिंह पर बना मामला केन्द्र की पूर्व मनमोहन सरकार के दौरान का मामला है। उसी समय सीबीआई ने इस मामले पर संज्ञान लिया, उसी समय के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट में मामला गया और आज जब भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्यवाही हो रही है तो प्रदेश सरकार की बौखलाहट चरमसीमा पर है।
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस खोखली हो चुकी है, देश में भी व प्रदेश में भी। नरेन्द्र भाई मोदी की सरकार जनहितैषी सरकार साबित हुई है। देश में 17 साल नेहरू जी, 15 साल इंदिरा जी, 4 साल राजीव गांधी जी और 10 साल राहुल जी और सोनिया जी की सरकारें चलीं। केवल डेढ़ साल की मोदी सरकार से कांग्रेस छटपटा रही है, इसलिए अनर्गल बयानबाजी करके मोदी सरकार को बदनाम करने का सर्वत्र षड़यंत्र रचा जा रहा है।
श्रीकांत शर्मा जी ने अपने उद्बोधनो में कार्यकर्ताओं का आवाहन किया कि आपके प्रयासों से भारतीय जनता पार्टी देश और दुनिया की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी बनी है और हिमाचल प्रदेश में भी हर बूथ तक भाजपा का संगठन आप लोगों ने मजबूत किया है। कार्यकर्ताओं का आवाहन करते हुए श्रीकांत जी ने कहा कि पंचायतीराज चुनावो में व नगर परिषद चुनावो में पूरी ताकत के साथ कार्यकर्ता जुट जाएं। जनता का प्रदेश की भ्रष्टाचारी कांग्रेस सरकार से मोह भंग हो चुका है। केवल जोर से धक्का देने की आवश्यकता है।










