हिमाचल: एग्जिट पोल रूझानों को कांग्रेस ने नकारा, तो भाजपा ने सराहा

  •  मुख्यमंत्री ने व्यक्त की प्रसन्नता

शिमला: मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने लोकसभा चुनाव के सात चरणों की मतदान प्रक्रिया सम्पन्न होने के पश्चात विभिन्न एजैंसियों द्वारा किए गए एग्जिट पोल सर्वे में भाजपा एवं उसके सहयोगी दलों को मिल रहे भारी बहुमत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के योग्य एवं कुशल नेतृत्व में चलाई गई कल्याणकारी योजनाओं एवं उनकी लोकप्रियता पर जनमत संग्रह है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने अपने पांच साल के कार्यकाल में महिलाओं, गरीबों, पिछड़े वर्गों, किसानों तथा समाज के उपेक्षित वर्ग के कल्याण के लिए अनेक जन हितैषी योजनाएं लागू की हैं तथा यह बात एग्जिट पोल के सर्वे में स्पष्ट दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट हो गया है कि मोदी सरकार के पांच वर्ष का कार्यकाल स्वर्णिम रहा है, जो कांग्रेस पार्टी के लगभग छः दशक के कार्यकाल पर भारी पड़ा है।

  • शांता बोले: जो नतीजे बता रहे हैं उससे साफ है कि जीत हमारी होगी

पालमपुर: वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद शांता कुमार ने कहा कि जिस तरह से कांगड़ा संसदीय सीट पर रिकॉर्ड मतदान हुआ है उसी तरह से भारतीय जनता पार्टी भी रिकॉर्ड मतों से जीतने वाली है तथा जो अधिक मतदान हुआ है यह सरकार की नीतियों के प्रति लोगों ने अपना समर्थन जताया है। वहीं एग्जिट पोल के नतीजों में एनडीए की जीत पर उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से जो नतीजे बता रहे हैं और देश का वातावरण भी है उससे भी लगता है कि हमारी जीत होगी।

  • बीजेपी के पक्ष में हवा चलती है या सुनामी बन कर आती है इसका पता 23 मई को ही चलेगा : प्रो. धूमल  

हमीरपुर: लोकसभा चुनावों के एग्जिट पोल पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने खुशी जाहिर की है और एग्जिट पोल से एक दिशा एनडीए की सरकार बनने के लिए मिली है। प्रो. धूमल ने दावा किया है कि बीजेपी देश में भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। प्रो. धूमल ने कहा कि बीजेपी के पक्ष में हवा चलती है या सुनामी बनकर आती है इसका पता 23 मई को ही चलेगा।

  • एग्जिट पोल हमेशा सही नहीं होता है, केंद्र में बनेगी यूपीए सरकार : वीरभद्र

रामपुर बुशहर : पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि एग्जिट पोल हमेशा सही नहीं होता है। वह एग्जिट पोल से सहमत नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी और केंद्र में यूपीए की सरकार बनना तय है। लोगों ने अपना फैसला सुना दिया है। 23 मई को जब मतगणना शुरू होगी, तब पता चलेगा कि देश में किसकी सरकार बन रही है।

  • भाजपा को आगे दिखाने पर राठौर बोले : ये आंकड़े पूर्व नियोजित

शिमला: कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने लोकसभा चुनाव के बाद के एग्जिट पोल में भाजपा को आगे दिखाने पर कहा कि ये आंकड़े पूर्व नियोजित हैं। चुनाव के नतीजे इसके उलट आएंगे। राठौर ने कहा कि प्रदेश में रिकॉर्ड तोड मतदान पूर्व में हमेशा ही सत्ता विरोधी लहर दर्शाता रहा है और इस बार भी मतदान सत्ता विरोधी ही साबित होगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जो घोषणाएं की थीं, उनको पूरा नहीं किया गया। 23 मई के नतीजों के बाद कांग्रेस चारों सीटों पर जीतेगी।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी एग्जिट पोल सर्वे में चारों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के जीतने की बात कही गई है जो केन्द्र में मोदी सरकार और वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा लोगों के कल्याण के लिए किये जा रहे कार्यों के प्रति उनकी आस्था को दर्शाता है।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *