मंडी: पंडित सुखराम जनता नहीं बल्कि अपने पोते के सपने को करना चाहते हैं साकार : जयराम ठाकुर

मंडी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मण्डी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में भारतीय जनता पार्टी की ‘विजय संकल्प’ रैली को सम्बोधित किया तथा हिमाचल प्रदेश की चारों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। 

इस अवसर पर अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पंडित सुखराम जनता नहीं बल्कि अपने पोते के सपने को साकार करना चाहते हैं। उन्हांने कहा कि ऐसे नेता अपने स्वार्थ के लिए लोकतंत्र एवं जनता की अनदेखी करते हैं। उन्होंने ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता एक परिवार के सपने को साकार करने के लिए अपने मत खराब नहीं करेगी बल्कि एक ऐसी पार्टी को अपना समर्थन देगी जो एक परिवार नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता परिवारवाद की राजनीति करते है और अब जनता ने ठान लिया है कि देश को कांग्रेस मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि इन चुनावों के उपरान्त कांग्रेस पार्टी भी गांधी परिवार मुक्त हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने उज्ज्वल, समृद्ध एवं नए भारत का निर्माण किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत शक्तिशाली देश के रूप में उभरा है और देश के हर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि  नरेन्द्र मोदी अपने परिवार नहीं बल्कि देश के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई ऐतिहासिक योजनाओं से आज देश के करोड़ों परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। उन्हांने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद एवं पाकिस्तान की ओच्छी एवं निंदनीय हरकत के लिए करारा जवाब दिया है। वहीं कांग्रेस राष्ट्र नहीं बल्कि देशद्रोहियों के हाथ मजबूत करना चाहती है। यह बात कांग्रेस के घोषणापत्र से स्पष्ट हुई है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि  हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए यह बड़े गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं और उन्होने विगत पांच वर्षों में प्रदेश के विकास के लिए हरसंभव सहायता की है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार लगभग सवा साल में  राज्य को साढ़े दस हजार करोड़ से अधिक राशि की विकास योजनाएं स्वीकृति की हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की इस उदारता के कारण ही प्रदेश के विकास को गति मिली है। ऐसे में अब लोकसभा चुनाव में उन्हें जनता के आशीर्वाद एवं समर्थन की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि हिमाचल की जनता नरेंद्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने के लिए चारों लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएगी।

इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा वरिष्ठ नेता शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, मंडी लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा, कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी किशन कपूर, प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, भाजपा विधायकगण व अन्य उपस्थित थे।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *