शिमला : चुनाव आयोग ने रविवार शाम को 17वीं लोकसभा के चुनावों की तारीखों का एलान किया। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस संबंध में जानकारी दी। इसी के साथ उन्होंने हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल में 19 मई को सातवें चरण में मतदान होंगे।
उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव 7 चरणों में होंगे। पहले चरण में 11 अप्रैल को मतदान होंगे, दूसरे चरण का चुनाव 18 अप्रैल, तीसरा चरण 23 अप्रैल, चौथा चरण 29 अप्रैल, पांचवां चरण 6 मई, छठा चरण 12 मई और सातवें चरण के चुनाव 19 मई को होंगे। इसके अलावा उन्होंने बताया कि 23 मई को देशभर के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।
बताना चाहेंगे हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की चार व राज्यसभा की तीन सीटें हैं। लोकसभा सीटों में मंडी, शिमला कांगड़ा-चंबा व हमीरपुर शामिल हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में यह चारों सीटें भाजपा जीतने में कामयाब रही थी।
वर्तमान में मंडी से भाजपा के राम स्वरूप शर्मा सांसद हैं तो वहीं शिमला से विरेंद्र कश्यप सांसद हैं। कांगड़ा-चंबा सीट से भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार सांसद हैं। वहीं हमीरपुर से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बेटे अनुराग ठाकुर सांसद हैं।
बता दें लोक सभा चुनाव 2019 में कुल 90 करोड़ लोग मतदान का प्रयोग करेंगे, जिनमें नौकरीपेशा वोटर 1.60 करोड़ हैं। वहीं 18 से 19 साल के करीब डेढ़ करोड़ वोटर हैं। चुनाव आयोग के हेल्पलाइन नंबर 1950 पर वोटर लिस्ट की जानकारी ले सकते हैं। त्योहारों और परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए चुनाव कार्यक्रम तैयार किया गया है।
पहली बार 10 लाख पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। वहीं पिछली बार 9 लाख पोलिंग बूथ बनाए गए थे। 2019 लोकसभा चुनाव में पहली बार वीवीपैट मशीन का इस्तेमाल होगा। इस बार वोटर को ईवीएम में उम्मीदवार की तस्वीर भी नजर आएगी।
साथ ही वोटरों के पास नोटा का विकल्प भी मौजूद रहेगा। वोटर स्लिप मतदान की तारीख से पांच दिन पहले मिल जाएगी। आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत मोबाइल एप से दी जा सकेगी, 100 मिनट में अधिकारी जवाब देंगे।