हमीरपुर: आस्ट्रेलिया चल रहे 21वें कॉमनवेल्थ गेम्स के चौथे दिन हिमाचल के विकास ठाकुर (24) ने देश को वेटलिफ्टिंग में कांस्य पदक दिलाया है। विकास ने रविवार को चौथे दिन भारत की झोली में तीसरा कांस्य पदक डाला। विकास ने कैरारा स्पोर्ट्स एरीना में आयोजित पुरुषों की 94 किलोग्राम भार वर्ग स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। इस स्पर्धा में विकास ने कुल 351 किलोग्राम का भार उठाया। उन्होंने स्नैच में 159 का भार उठाकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
विकास ने वर्ष 2014 की राष्ट्रमंडल खेलों में देश को रजत पदक दिलाया था। उस समय विकास ने 85 किलोग्राम भार वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व किया था। विकास ठाकुर जिला हमीरपुर के पटनौण गांव के निवासी हैं। वर्तमान में वह भारतीय वायुसेना में सेवाएं दे रहे हैं। उनके पिता बृज लाल ठाकुर भारतीय रेलवे में और माता गृहिणी हैं।