हिमाचल: कांग्रेस ने निकाला ‘संविधान रक्षा मार्च’

शिमला : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में संविधान दिवस के मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संविधान रक्षा मार्च का आयोजन किया। इस मार्च में प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्रीमंडल के सदस्य कर्नल डॉक्टर धनीराम शांडिल,चौधरी चंद्र कुमार,अनिरुद्ध सिंह, राजेश धर्माणी,यादवेंद्र गोम्मा,अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह के अतिरिक्त प्रदेश कांग्रेस के विधायक,पूर्व विधायक,बोड़ो निगमों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष,अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी कमल कांत शर्मा,डॉक्टर राहुल राजभर,पीसीसी के पदाधिकारी, जिला व ब्लॉकों के अध्यक्ष,
पदाधिकारी अग्रणी संगठनों व विभागों के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में प्रदेशभर से आये हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस मार्च में भाग लिया। चौड़ा मैदान से शुरू रिज मैदान पर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समुख संविधान रक्षा की शपथ के बाद यह मार्च संपन्न हुआ।
इससे पूर्व चौड़ा मैदान में संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पार्टी नेताओं द्वारा पुष्प अर्पित किए गए।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सदस्य प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने इस अवसर पर अपने संबोधन में केंद्र की मोदी सरकार को देश के लोकतंत्र को कमजोर करने,संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने, वोट व राम मंदिर से चंदा चोरी करने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आज देश का लोकतंत्र कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में तो भाजपा ने कांग्रेस के विधायक चोरी किये पर प्रदेश के लोगों ने इस चोरी का मुंहतोड़ जवाब उन्हें चुनाव में पराजित करके दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोगों की आस्था,राम मंदिर से चंदा चोरी कर लूट की है। उन्होंने उपस्थित लोगों का आह्वान किया कि उन्हें संविधान की रक्षा के लिये देश मे राहुल गांधी की आवाज को मजबूत करना होगा,तभी देश का लोकतंत्र बच पायेगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि उन्हें घर घर जाकर भाजपा की इस कि इस चोरी का भांडा फोड़ना होगा।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी इस अवसर पर पार्टी के संविधान रक्षा मार्च में जुटी पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ को भाजपा की वोट चोरी के खिलाफ एक बड़ा जनांदोलन बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा को हिमाचल प्रदेश से सबक लेना चाहिए जहां उन्होंने हमारे विधायकों की चोरी कर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की नाकाम कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग कांग्रेस के साथ है और आगे भी साथ रहेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने संविधान रक्षा मार्च में जुटी भीड़ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस बड़ी मजबूती व एकजुटता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा का वोट चोरी का कोई भी प्रयास सफल होने वाला नही। उन्होंने राहुल गांधी की देश में संविधान बचाने की आवाज बुलंद करने का आह्वान करते हुए कहा कि अब सत्ता से भाजपा की विदाई तय है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी कमल कांत शर्मा ने भी लोगों से भाजपा की लूट से लोगों को बचाने व लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिये राहुल गांधी की आवाज के साथ मजबूती से खड़े होने का आह्वान किया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed