पालमपुर: जीजीडीएसडी महाविद्यालय, राजपुर में 27वें राष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य समापन
पालमपुर: जीजीडीएसडी महाविद्यालय, राजपुर में 27वें राष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य समापन
पालमपुर: सोसाइटी फॉर एजुकेशन एंड इकोनॉमिक डेवलपमेंट के अंतर्गत संचालित इंडियन कॉलेजेज फोरम के हिमाचल प्रदेश चैप्टर के सहयोग से गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म महाविद्यालय, राजपुर में आयोजित 27वें राष्ट्रीय सम्मेलन ‘उद्योग 6.0 के युग में उच्च शिक्षा’ का समापन समारोह भव्यता के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में पालमपुर के लोकप्रिय विधायक, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव (शिक्षा एवं शहरी विकास) तथा प्रसिद्ध चाय बागान उद्यमी माननीय श्री आशीष बुटेल मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर प्रख्यात कृषि अर्थशास्त्री एवं हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के पूर्व प्रति-कुलपति प्रो. एच. आर. शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा, पंजाब, नई दिल्ली के प्रतिनिधि, गोस्वामी गणेशदत्त सनातन धर्म शिक्षा समिति, बैजनाथ के प्रधान एवं जी.जी.डी.एस.डी. कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आदरणीय डॉ. देशबंधु, सोसाइटी फॉर एजुकेशन एंड इकोनॉमिक डेवलपमेंट के प्रमुख एवं इंडियन कॉलेजेज फोरम के अध्यक्ष तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के पूर्व सचिव डॉ. जी. डी. शर्मा तथा इंडियन कॉलेजेज फोरम के महासचिव एवं कावा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के अध्यक्ष इंजीनियर एम. एस. कटोच भी समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रहे। महाविद्यालय के निदेशक एवं प्रधानाचार्य तथा इंडियन कॉलेजेज फोरम (ICF), हिमाचल प्रदेश के सचिव डॉ. विवेक कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में इस राष्ट्रीय सम्मेलन के आयोजन का अवसर प्रदान करने के लिए इंडियन कॉलेजेज फोरम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजन देशभर के शिक्षाविदों के साथ संवाद और विचारों के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करते हैं। जो न केवल शिक्षकों के लिए सहायक है बल्कि विद्यार्थियों को भी बहुत कुछ सीखना को मिलता है। मुख्य अतिथि आशीष बुटेल ने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय प्रबंधन, आयोजकों एवं प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास और शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के बदलते परिदृश्य में नए परिवर्तनों को अपनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों को अधिक से अधिक व्यावहारिक अनुभव एवं व्यापक अवसर प्रदान करना आवश्यक है। उन्होंने उच्च शिक्षा संस्थानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और कौशल विकास को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उनके भविष्य की दिशा दिखाने वाले शिक्षकों के लिए ऐसे सम्मेलन एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराते हैं, जहाँ सार्थक चर्चा, विचार-विमर्श और अनुभवों के आदान-प्रदान के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में नई नीतियों एवं संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त होता है। इस अवसर पर सोसाइटी फॉर एजुकेशन एंड इकोनॉमिक डेवलपमेंट के प्रमुख एवं इंडियन कॉलेजेज फोरम के अध्यक्ष तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के पूर्व सचिव डॉ. जी. डी. शर्मा ने संस्था की स्थापना एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सोसाइटी फॉर एजुकेशन एंड इकोनॉमिक डेवलपमेंट द्वारा इंडियन कॉलेजेज फोरम की स्थापना की गई थी जिसका उद्देश्य देशभर के महाविद्यालयों को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहाँ उच्च शिक्षा, महाविद्यालयों के विकास, शैक्षणिक नीतियों और गुणवत्ता से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जा सके। विभिन्न शैक्षणिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले महाविद्यालयों को भी इस अवसर पर फोरम ने सम्मानित किया गया। सम्मेलन में हुई चर्चाओं के आधार पर रिपोर्ट, इसकी प्रमुख संस्तुतियों एवं निष्कर्षों को भी साझा किया गया। इस तीन दिवसीय सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश सहित केरल, मेघालय, असम, बिहार, उत्तर प्रदेश आदि विभिन्न राज्यों से आए विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों, वक्ताओं और प्राध्यापकों ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान छह तकनीकी सत्रों में देश के विभिन्न राज्यों से आए विशेषज्ञों एवं शिक्षाविदों ने अपने शोधपत्र प्रस्तुत किए और विषयगत चर्चाओं में भाग लिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए। सम्मेलन की प्रमुख संस्तुतियों और शैक्षणिक योगदान के आधार पर चयनित महाविद्यालयों को भी सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने हिमाचल की लोक-संस्कृति और भारतीय परंपरा की सुंदर झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अंत में इंडियन कॉलेजेज फोरम के महासचिव इंजीनियर एम. एस. कटोच ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उद्घाटन एवं समापन समारोह का मंच संचालन सहायक प्राध्यापक अनुराग शर्मा एवं डॉ. शिल्पी नड्डा ने किया। राष्ट्रगान और सामूहिक फोटो के साथ समारोह का समापन किया गया।