पालमपुर : जीजीडीएसडी महाविद्यालय में 27वें हिम-आईसीएफ कॉन्क्लेव-2026 का आगाज, उच्च शिक्षा के भविष्य पर मंथन
पालमपुर : जीजीडीएसडी महाविद्यालय में 27वें हिम-आईसीएफ कॉन्क्लेव-2026 का आगाज, उच्च शिक्षा के भविष्य पर मंथन
राजपुर (पालमपुर): गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म महाविद्यालय, राजपुर में इंडियन कॉलेजेस फोरम (आईसीएफ) तथा सोसाइटी फॉर एजुकेशन एंड इकोनॉमिक डेवलपमेंट (सीड) के संयुक्त तत्वावधान में ‘इंडस्ट्री 6.0 के युग में उच्च शिक्षा’ विषय पर 27वें राष्ट्रीय वार्षिक सम्मेलन हिमाचल इंडियन कॉलेजेस फोरम कॉन्क्लेव-2026 का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन सत्र में सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी मुख्य अतिथि तथा सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा, पंजाब, नई दिल्ली के अध्यक्ष, गोस्वामी गणेशदत्त सनातन धर्म शिक्षा समिति, बैजनाथ के प्रधान एवं जीजीडीएसडी महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. देश बंधु विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महाविद्यालय के निदेशक एवं प्रधानाचार्य तथा इंडियन कॉलेजेस फोरम, हिमाचल प्रदेश के सचिव डॉ. विवेक कुमार शर्मा ने महाविद्यालय की ओर से सभी अतिथियों एवं देशभर से आए शिक्षाविदों का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने शिक्षा 6.0 की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं उन्नत तकनीकों का समावेश आवश्यक है, लेकिन तकनीक मानवीय बुद्धिमत्ता और मूल्यों का विकल्प नहीं हो सकती। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप कौशल विकास, शोध, नवाचार एवं अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने तथा युवाओं को रोजगार सृजक बनाने पर बल दिया। उन्होंने विकसित भारत @2047 के लक्ष्य में उच्च शिक्षा संस्थानों और शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए तकनीक के साथ मानवीय मूल्यों का समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. देश बंधु ने परंपरागत ज्ञान और आधुनिक तकनीक के समन्वय तथा रोजगारपरक शिक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के पूर्व सचिव, सोसाइटी फॉर एजुकेशन एंड इकोनॉमिक डेवलपमेंट के प्रमुख एवं इंडियन कॉलेजेस फोरम के अध्यक्ष प्रो. जी.डी. शर्मा ने तकनीकी बदलाव के दौर में मानवीय बुद्धिमत्ता और अनुभव को महत्व देने की बात कही। उन्होंने कहा कि अनुभवी व्यक्तियों के ज्ञान और मार्गदर्शन से तकनीक को बेहतर ढंग से समझा और विकसित किया जा सकता है।
सम्मेलन के प्रथम दिन तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इनमें उच्च शिक्षा में मानव-केंद्रित डिजिटल परिवर्तन, मानव-मशीन युग के लिए भविष्य के अनुकूल स्नातकों का निर्माण तथा महाविद्यालयों को क्रियात्मक शोध केंद्र के रूप में विकसित करने जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए। चर्चा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, कौशल विकास, क्वांटम कंप्यूटिंग, मानवीय मूल्यों और परिणाम आधारित शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे।
कार्यक्रम में धन्यवाद प्रस्ताव कावा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन एवं इंडियन कॉलेजेस फोरम के महासचिव इंजीनियर एम.एस. कटोच ने प्रस्तुत किया। उद्घाटन सत्र का मंच संचालन सहायक प्राध्यापक अनुराग शर्मा ने किया तथा हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. शिल्पी नड्डा ने मुख्य अतिथि का परिचय प्रस्तुत किया। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए शिक्षाविदों, प्राध्यापकों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के संकाय सदस्यों ने भाग लिया।