धर्मशाला: मलांदर में महिला की मृत्यु के मामले में CWC कांगड़ा का स्वतः संज्ञान

तीनों नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा एवं संरक्षण को लेकर SP कांगड़ा सहित संबंधित विभागों से स्टेटस रिपोर्ट तलब

धर्मशाला: जिला कांगड़ा के थुरल क्षेत्र के अंतर्गत गांव मलांदर (बछवाई) में 37 वर्षीय महिला सुषमा देवी की जहरीली वस्तु के सेवन के बाद उपचार के दौरान हुई मृत्यु से संबंधित समाचार का जिला बाल कल्याण समिति (CWC) कांगड़ा ने स्वतः संज्ञान लिया है।

समाचार के अनुसार, मृतका अपने पीछे तीन नाबालिग बेटियां छोड़ गई हैं, जो यूकेजी, दूसरी तथा चौथी कक्षा में अध्ययनरत हैं। इस दुखद घटना से तीनों बच्चियों के सिर से मां का साया उठ गया है। समिति ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चियों की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा, देखभाल, शिक्षा एवं भविष्य के संरक्षण को लेकर आवश्यक कार्रवाई आरंभ की है।

इस संबंध में जिला बाल कल्याण समिति द्वारा पुलिस अधीक्षक, जिला कांगड़ा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी (DCPO), कांगड़ा तथा चाइल्ड हेल्पलाइन कांगड़ा को ई-मेल के माध्यम से पत्राचार कर विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट तलब की गई है। इसके अतिरिक्त पुलिस थाना थुरल से दूरभाष के माध्यम से संपर्क स्थापित कर घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं पुलिस कार्रवाई की स्थिति रिपोर्ट मांगी गई है।

समिति ने संबंधित अधिकारियों से विशेष रूप से यह जानकारी उपलब्ध करवाने को कहा है कि तीनों बच्चियां वर्तमान में किसकी देखरेख में हैं, उनके भरण-पोषण एवं शिक्षा की क्या व्यवस्था है तथा उनके सुरक्षित भविष्य और समुचित संरक्षण के लिए परिवार एवं प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए गए हैं।

CWC अध्यक्ष विक्रमजीत शर्मा ने कहा कि मां का साया उठना किसी भी बच्चे के जीवन में अत्यंत पीड़ादायक परिस्थिति होती है। ऐसे समय में बच्चों को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि भावनात्मक सहयोग, सुरक्षित वातावरण, शिक्षा और निरंतर देखभाल की भी आवश्यकता होती है।

उन्होंने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तीनों बच्चियां किसी भी प्रकार की उपेक्षा, असुरक्षा अथवा बाल संरक्षण से जुड़ी प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना न करें। यदि तथ्यों एवं सामाजिक जांच के आधार पर बच्चियों को देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता पाई जाती है, तो किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि बच्चों का सर्वोत्तम हित (Best Interest of the Child) ही जिला बाल कल्याण समिति की प्रत्येक कार्रवाई का मूल आधार है। समिति संबंधित विभागों एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर तीनों बच्चियों की सुरक्षा, संरक्षण, शिक्षा एवं पुनर्वास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

विक्रमजीत शर्मा

अध्यक्ष

जिला बाल कल्याण समिति (District Child Welfare Committee) कांगड़ा

धर्मशाला, हिमाचल प्रदेश

सम्बंधित समाचार

Comments are closed