आने वाला समय कांग्रेस का ही है और कांग्रेस अपनी सभी गारंटियों को करेगी पूरा – विनोद सुल्तानपुरी

शिमला: शिमला संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी ने कहा है कि चौपाल विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें सांसद के तौर पर प्रदेश की सेवा करने का मौका मिला तो वह शिमला संसदीय क्षेत्र में विकास की गति को तेज कर इसे आदर्श संसदीय क्षेत्र बनाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी जायेगी।

आज चौपाल विधानसभा क्षेत्र के  दौरे के दूसरे दिन  सराह पुन्दर जोन के जुब्बड़, मडोग, माटल झकीनीपुल के बमटा, मशडो, हंबल जोन के लिंगजंर में चुनावी नुक्कड़ सभाओं को सम्बोधित करते हुए विनोद सुल्तानपुरी ने उन्हें वोट देने का आग्रह करते हुए कहा कि भाजपा देश में क्षेत्रवाद, जातिवाद व धर्म के नाम पर वोट मांगती है जबकि कांग्रेस का एजेंडा समानता और सभी से न्याय का है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी इस क्षेत्र की कोई सुध नहीं ली। उन्होंने सांसद निधि का एक भी पैसा इस क्षेत्र को नहीं दिया। आपदा के समय वह गायब रहें और आपदा प्रभावित की कोई भी मदद नहीं की। 

विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में पूरी तरह एकजुट और मजबूत है। सरकार पूर्ण बहुमत में है और अपना कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिस प्रकार प्रदेश की कांग्रेस सरकार को एक षड्यंत्र के तहत अस्थिर करने का असफल प्रयास किया उससे इसका वास्तविक चेहरा अब देश  प्रदेश के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि अगर देश में संविधान को बचाना है तो भाजपा को सत्ता से बाहर करना ही होगा।

कांग्रेस संगठन महामंत्री रजनीश किमटा ने इस दौरान कहा कि भाजपा ने हमेशा ही चौपाल विधानसभा क्षेत्र के साथ भेदभाव किया। उन्होंने क्षेत्र के भाजपा विधायक और भाजपा सांसद को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी इस क्षेत्र के लोगों की कोई सुध नहीं ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस क्षेत्र के विकास के प्रति पूरी तरह बचनबद्ध है। 

किमटा ने लोगों से आग्रह किया कि वह विनोद सुल्तानपुरी को भारी मतों से जीता कर लोकसभा में भेजे । उन्होंने कहा कि पूर्व में जो गलती उन्होंने भाजपा को वोट देकर की है उसे अब दुबारा नहीं करना है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का ही है और कांग्रेस अपनी सभी गारंटियों को पूरा करेगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed