शिमला: प्रदेश संगठन महासचिव विनोद ज़िंटा ने कहा है कि एसआईआर के नाम पर देश के 13 करोड़ नागरिकों को उनके संवैधानिक मताधिकार से वंचित करने के बाद देश में अब सत्ता परिवर्तन तय है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की महारैली में उमड़ी भीड़ से साफ हो गया है कि देश में भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
विनोद ज़िंटा ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के मंडी में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर दिए गए बयान की कड़ी कटाक्ष करते हुए कहा है कि भाजपा ने देश में वोट चोरी कर लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाते हुए अराजकता का माहौल पैदा किया है। इस अराजकता में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने उनका पूरा साथ दिया है। चुनाव आयोग की निष्पक्षता को तार तार करते हुए भाजपा ने आज इसे अपना बंदुआ बना दिया है, जिसमें वोटर लिस्ट से गड़बड़ी कर मनमर्जी के नाम काटे व जोड़े जा रहे हैं।
विनोद ज़िंटा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी लोकतंत्र को बचाने, संविधान की रक्षा के लिये भाजपा से निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं और यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जबतक देश के उन 13 करोड़ मतदाताओं को उनका वोट का हक्क बहाल नहीं होता और जब तक ज्ञानेश कुमार को इसकी सजा नहीं मिल जाती। भाजपा अब ज्यादा समय तक अपने काले कारनामों को नहीं छुपा सकती,सच अब देश के सामने आ चुका है। देश के लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो गए हैं। उन्होंने कहा है कि भाजपा नेताओं को राहुल गांधी पर किसी भी प्रकार की बयानबाजी करने से पूर्व देश में भाजपा द्वारा फैलाई गई अराजकता पर भी मंथन करना चाहिए।
विनोद ज़िंटा ने कहा कि भाजपा प्रदेश के लोगों को झूठ बोल कर गुमराह नहीं कर सकती। प्रदेश में भाजपा की सत्ता वापसी के सपने मुंगेरीलाल के हसीन सपने साबित होंगे।