ताज़ा समाचार

बिलासपुर: आंगनवाड़ी सहायिकाओं के रिक्त पदों के लिए साक्षात्कार की तिथि 20 नवंबर निर्धारित

परिवार की वार्षिक आय सीमा 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये की गई, पात्र महिलाएं 19 नवंबर तक कर सकेंगी आवेदन

बिलासपुर:  बाल विकास परियोजना अधिकारी रंजना शर्मा ने बताया कि घुमारवीं के कार्यालय द्वारा आंगनवाड़ी सहायिकाओं के रिक्त पदों को भरने के लिए पूर्व में निर्धारित साक्षात्कार की तिथि में प्रशासनिक कारणों से बदलाव किया गया है। अब इन पदों के लिए साक्षात्कार 20 नवंबर, 2026 को प्रातः 11 बजे उपमंडलाधिकारी (ना.) घुमारवीं के कार्यालय में आयोजित किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी घुमारवीं ने बताया कि ग्राम पंचायत तलवाड़ा के आंगनवाड़ी केंद्र धारवाड़ा तथा ग्राम पंचायत पन्तेहड़ा के आंगनवाड़ी केंद्र पट्टा रणौता में आंगनवाड़ी सहायिकाओं के रिक्त पदों को भरने के लिए पूर्व में 4 नवंबर, 2026 को साक्षात्कार निर्धारित किया गया था, जिसे अब पुनर्निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की नियुक्ति के लिए जारी अधिसूचना में परिवार की वार्षिक आय सीमा को लेकर संशोधन किया गया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की अधिसूचना के अनुसार अब पात्र अभ्यर्थी के परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 75 हजार रुपये या इससे कम होनी चाहिए। इससे पहले यह सीमा 50 हजार रुपये वार्षिक निर्धारित थी।
उन्होंने बताया कि आय सीमा में किए गए इस संशोधन के मद्देनजर अब नई पात्रता शर्तों को पूरा करने वाली इच्छुक महिला अभ्यर्थी संबंधित रिक्त पदों के लिए 19 नवंबर, 2026 को सायं 5 बजे तक या इससे पूर्व अपना आवेदन सादे कागज पर आवश्यक दस्तावेजों सहित बाल विकास परियोजना अधिकारी घुमारवीं के कार्यालय में जमा करवा सकती हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्य सभी पात्रता शर्तें पूर्व में जारी सार्वजनिक सूचना दिनांक 5 अक्तूबर, 2026 के अनुसार ही रहेंगी। जिन पात्र अभ्यर्थियों ने पहले ही निर्धारित अंतिम तिथि 4 नवंबर से पूर्व आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने बताया कि साक्षात्कार के दिन सभी अभ्यर्थियों को अपने मूल दस्तावेजों एवं उनकी प्रतियों सहित व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अलग से व्यक्तिगत बुलावा पत्र जारी नहीं किए जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी बाल विकास परियोजना अधिकारी घुमारवीं के कार्यालय में संपर्क इस नबर 01978-255346 पर कर सकते हैं।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed