संस्थान की एंटी रैगिंग कमेटी ने की विभिन्न प्रबंधों की समीक्षा
हमीरपुर: डॉ. राधाकृष्णन राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय (आरकेजीएमसी) हमीरपुर की एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक शनिवार को प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालय के अधिकारियों के अलावा प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों, अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों, विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों तथा हॉस्टल संचालकों ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि संस्थान में इस सत्र से पहले रैगिंग का कोई भी मामला सामने नहीं आया था, लेकिन इस सत्र के शुरुआत में ही रैगिंग का एक मामला सामने आने से संस्थान की छवि प्रभावित हुई है। इस मामले में संस्थान ने त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए बहुत ही कड़े प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने संस्थान के अधिकारियों, विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों और हॉस्टल संचालकों को अलर्ट रहने तथा किसी भी तरह संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी हॉस्टलों और पीजी के आस-पास नियमित रूप से गश्त लगाने की अपील की।
डॉ. रमेश भारती ने कहा कि संस्थान, हॉस्टल और इनके आस-पास के सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर हेल्पलाइन नंबर भी प्रदर्शित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि एंटी रैगिंग कमेटी, समस्त फैकल्टी और छात्र प्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों से ही संस्थान और इसके आस-पास के पूरे परिसर को रैगिंग मुक्त बनाया जा सकता है।
बैठक में आरकेजीएमसी के अतिरिक्त निदेशक संजीव शर्मा, आरकेजीएमसी अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. देशराज और अन्य अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।