नेक्स्ट जनरेशन कार्यक्रम के तहत 30 विद्यार्थियों को मिलेगा प्रशिक्षण, पांच विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग
बिलासपुर : हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना चरण-।। के तहत जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी के सहयोग से कृषि विभाग द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुखाला में नेक्स्ट जेनरेशन कार्यक्रम के अंतर्गत ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ब्लॉक प्रोजेक्ट मैनेजर पवन कुमार, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अंजलि ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण, जलवायु अनुकूल कृषि तथा संतुलित आहार एवं पोषण के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही, कृषि क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं से भी अवगत करवाया गया। विद्यार्थियों को व्यावहारिक कृषि गतिविधियों से जोड़ने के लिए विद्यालय परिसर में पोषण वाटिका विकसित करने तथा मूली, पालक, मटर और बाकला जैसी सब्जियों की बुवाई पर जोर दिया गया।















