भोरंज : बीते दिन सोशल मीडिया में वायरल हुए भोरंज के एक वीडियो के संबंध में एसडीएम शशिपाल शर्मा ने बताया कि यह वीडियो सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (मौर्थ) द्वारा नेशनल हाईवे-70 के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया हेतु नियुक्त किए गए रिटायर्ड नायब तहसीलदार के कार्यालय का है।
एसडीएम ने बताया कि यह मामला परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (मौर्थ) द्वारा भूमि अधिग्रहण की एवज में दी गई मुआवजा राशि से संबंधित है। प्रारंभिक जांच में यह मामला संबंधित भूमि के मालिक को हुई एक्स्ट्रा पेमेंट की रिकवरी का पाया गया है, जिसकी प्रक्रिया अभी जारी है।
एसडीएम ने बताया कि संबंधित भूमि मालिक ने इस मामले में कॉपिंग एजेंसी से कॉपी प्राप्त करने के लिए आवेदन किया था और ये कॉपी प्राप्त करने के लिए एजेंसी ने 7 नवंबर और 11 नवंबर की तिथि निर्धारित की थी, लेकिन आवेदक शायद ये कॉपी अतिशीघ्र प्राप्त करना चाहते थे और संभवतः इसी विवाद के दौरान यह वीडियो रिकॉर्ड किया गया है। एसडीएम ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।