शिमला: जुब्बल के धार गांव में भीषण अग्निकांड; 5 मकान जलकर राख

शिमला: जुब्बल तहसील के धार गांव में गुरुवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड में पांच मकान जलकर राख हो गए। आग की इस घटना में नानक चंद चौहान, हरनाम सिंह धाल्टा, नरेंद्र सिंह धाल्टा, गिंदा देवी और अनिल धान्टा के परिवार प्रभावित हुए हैं। जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले नानक चंद पुत्र बहिर चंद के मकान में लगी। उस समय घर में दो लोग मौजूद थे। आग की भनक लगते ही दोनों सुरक्षित बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने आसपास के चार अन्य मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में पांचों मकान धू-धू कर जलने लगे। सूचना मिलते ही रोहड़ू, कोटखाई और टिक्कर से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय पर फायर ब्रिगेड के पहुंचने से आसपास के अन्य मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि अग्निकांड में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। अग्निकांड में प्रभावित मकानों के अंदर रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। राजस्व विभाग, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर नुक्सान का आकलन करने और आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हैं।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकु ने आग लगने की घटना पर दुख व्यक्त किया

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र के धार गांव में आग लगने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस आगजनी में पांच मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस घटना में करोड़ों रुपये की संपत्ति नष्ट हुई है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रभावितों के साथ इस दुख की घड़ी में खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री के साथ विस्तृत चर्चा के बाद प्रभावित परिवारों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

 

सम्बंधित समाचार

Comments are closed