घुमारवीं: सीर उत्सव-2026 के अंतर्गत 2 अक्टूबर को मैराथन का आयोजन किया जाएगा। सीर उत्सव 2 और 3 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में उपमंडल अधिकारी घुमारवीं अभिषेक बरवाल ने बैठक को संबोधित करते हुए मैराथन के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि मैराथन 2 अक्टूबर को प्रातः 6 बजे हेलीपैड घुमारवीं से शुरू होगी। प्रतिभागी निर्धारित मार्ग से होते हुए टकरेड़ा चौक तक जाएंगे और वहां से वापस हेलीपैड घुमारवीं पहुंचेंगे, जहां मैराथन का अंतिम बिंदु रहेगा। उन्होंने कहा कि मैराथन का उद्देश्य युवाओं और आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना है।
मैराथन में अंडर-14, अंडर-19, ओपन तथा 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में महिला एवं पुरुष प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
उपमंडल अधिकारी ने पुलिस विभाग को मैराथन के दौरान आवश्यक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को प्रतिभागियों की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत मैराथन मार्ग पर आवश्यक मेडिकल सुविधा उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने को कहा।














