हिमाचल: विधानसभा के बाहर आउटसोर्स कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन …
हिमाचल: विधानसभा के बाहर आउटसोर्स कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन …
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के बीच मंगलवार को चौड़ा मैदान में सैकड़ों आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे आउटसोर्स कर्मचारियों का कहना था कि प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में करीब 25 हजार कर्मचारी आउटसोर्स आधार पर सेवाएं दे रहे हैं। इनमें कई कर्मचारी 15 से 20 साल से लगातार काम कर रहे हैं। इतने लंबे समय तक सरकारी विभागों में सेवाएं देने के बाद भी उनके भविष्य की कोई गारंटी नहीं है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकार जब चाहे उन्हें नौकरी से बाहर कर सकती है।
आउटसोर्स कर्मचारी संघ के संयोजक अश्वनी शर्मा ने कहा कि अधिकांश आउटसोर्स कर्मचारियों को करीब 12 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है। मौजूदा महंगाई में इतनी कम आय में परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। अश्वनी शर्मा ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारी पिछले करीब एक दशक से अपने लिए स्थायी नीति बनाने की मांग कर रहे हैं। चौड़ा मैदान में प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने सरकार को मांगें पूरी करने के लिए दो महीने का अल्टीमेटम दिया है। कर्मचारियों ने कहा कि इस अवधि में उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं हुआ तो आउटसोर्स कर्मचारी संघ आंदोलन शुरू करेगा। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे अपने भविष्य की सुरक्षा और नीति की मांग को लेकर पीछे नहीं हटेंगे।