बिलासपुर: पहाड़ी से जेसीबी पर गिरा मलबा, युवक की मौत, चालक घायल
बिलासपुर: पहाड़ी से जेसीबी पर गिरा मलबा, युवक की मौत, चालक घायल
बिलासपुर : बिलासपुर जिले में मंगलवार को भूस्खलन की चपेट में आने से दर्दनाक हादसा हो गया। भराड़ी थाना क्षेत्र के लदरौर में निर्माण कार्य के दौरान अचानक पहाड़ी से भारी मलबा JCB मशीन पर जा गिरा। हादसे में जेसीबी ऑपरेटर और हेल्पर दोनों मलबे में दब गए। इस घटना में 20 वर्षीय हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल है और उसे AIIMS बिलासपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, लदरौर बाजार में जेसीबी से खोदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से मिट्टी और चट्टानों का मलबा मशीन पर आ गिरा। हादसा होते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय दुकानदारों, वाहन चालकों और राहगीरों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही दूसरी जेसीबी मशीन को मौके पर बुलाया गया और कड़ी मशक्कत के बाद मिट्टी हटाकर दोनों दबे युवकों को बाहर निकाला गया। हादसे के तुरंत बाद दोनों को एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भराड़ी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल ऑपरेटर की प्राथमिक चिकित्सा के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे एम्स बिलासपुर के लिए रेफर कर दिया गया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए ASP बिलासपुर प्रताप सिंह और DSP घुमारवीं विशाल वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर घटना भूस्खलन के कारण हुई बताई जा रही है, लेकिन पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।