सिरमौर: बोलेरो कैंपर खाई में गिरी, 4 की मौत; 9 घायल
सिरमौर: बोलेरो कैंपर खाई में गिरी, 4 की मौत; 9 घायल
सिरमौर : सिरमौर जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में संगड़ाह क्षेत्र के गत्तलोग के पास शोक में जा रही एक बोलेरो कैंपर करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर समेत नौ लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 1 बजे हुआ। बोलेरो कैंपर नंबर HP 79-4595 में एक शव को अंतिम संस्कार के लिए अरलू गांव ले जाया जा रहा था। शव जगदीश शर्मा का था, जिनकी हार्ट अटैक के बाद संगड़ाह अस्पताल में मौत हो गई थी। परिवार के लोग और गांव के कुछ अन्य लोग शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए अरलू जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, चिनाड़ गांव निवासी सुनील शर्मा अपने चाचा जगदीश शर्मा को 11 अगस्त को हार्ट अटैक के बाद संगड़ाह अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार ने शव को अरलू ले जाने के लिए बोलेरो कैंपर किराए पर ली। डुंगी गांव निवासी कपिल देव वाहन चला रहा था। रास्ते में चिनाड़ के पास परिवार के कुछ अन्य सदस्य और ग्रामीण भी अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए वाहन में सवार हो गए। इसके बाद वाहन गत्तलोग की तरफ बढ़ रहा था। इसी दौरान चालक ने कथित तौर पर वाहन से नियंत्रण खो दिया। बोलेरो सड़क से फिसलकर करीब 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे में राजेंद्र (37) और देशराज (23), दोनों अरलू गांव निवासी, जबकि रिखी राम (58) और राम गोपाल (62), दोनों चिनाड़ गांव निवासी, की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में बृज मोहन, कृपा राम, देवेंद्र सिंह, सुनील शर्मा, राम स्वरूप, जय प्रकाश, संदीप, कमलेंद्र और चालक कपिल देव शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक कमलेंद्र, संदीप, राम स्वरूप और चालक कपिल देव को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें संगड़ाह अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन भेजा गया। बाकी घायलों का इलाज संगड़ाह अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना की सही वजह क्या थी, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।
विधान सभा अध्यक्ष ने सिरमौर सड़क हादसे पर गहरा शोक प्रकट किया।
हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने जिला सिरमौर की नोहराधार तहसील के गटलोग के समीप आज हुई एक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक प्रकट किया है। इस भीषण सड़क हादसे में 9 लोग गम्भीर रूप से घायल हुए हैं। प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार बोलेरो कैम्पर मं सवार लोग एक डेडवॉडी लेकर अपने गाँव की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन रास्तें में अनियंत्रित हो गया और सड़क के नीचे गहरी खाई में जा गिरा। विधान सभा अध्यक्ष ने प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस दु:ख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ है।
अपने शोक सन्देश में पठानियां ने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवदेना प्रकट की है तथा दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की है। पठानियां ने हादसे में मारे गए परिवारों के सदस्यों को इस दु:ख को सहन करने की परमपिता परमात्मा से शक्ति प्रदान करने की कामना करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।