पिंजौर-बद्दी फोरलेन परियोजना को मिली बड़ी गति, ₹378.48 करोड़ की लागत से बैलेंस कार्य का अवार्ड जारी – हर्ष महाजन

शिमला: भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ फोरलेन परियोजना के बैलेंस कार्य के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा ₹378.48 करोड़ की लागत का लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LOA) जारी किए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना हिमाचल प्रदेश, विशेषकर बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी। यह कार्य पिंजौर बाईपास से बद्दी-नालागढ़ सेक्शन (किमी 4+200 से 34+500) तक एनएच-21ए (नया एनएच-105) पर ईपीसी मोड में किया जाएगा तथा इसकी स्वीकृति 30 जुलाई 2026 को जारी की गई है। परियोजना की स्वीकृत लागत ₹378.48 करोड़ है। 

हर्ष महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में सड़क अवसंरचना को अभूतपूर्व गति दे रही है। बेहतर सड़क संपर्क से उद्योग, व्यापार, पर्यटन और स्थानीय लोगों की आवाजाही अधिक सुगम होगी। उन्होंने कहा कि बद्दी देश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में से एक है और इस परियोजना के पूरा होने से माल परिवहन तेज होगा, निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास और विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। हाल ही में केंद्र सरकार ने विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग खंडों से संबंधित महत्वपूर्ण अधिसूचनाएं भी जारी की हैं, जिनमें हिमाचल के राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास एवं प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं। 

हर्ष महाजन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है, जिससे प्रदेश के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed