व्यापार बोर्ड की बैठक में हिमाचल प्रदेश ने व्यापार व निर्यात संवर्धन से जुड़े प्रमुख विषय उठाए

शिमला: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल की अध्यक्षता में नई दिल्ली स्थित वाणिज्य भवन में व्यापार बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा व्यापार एवं वाणिज्य विभागों के प्रभारी मंत्रियों ने भाग लिया।
हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व उद्योग मंत्री श्री हर्षवर्धन चौहान तथा अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) श्री आर. डी. नज़ीम ने किया। दोनों ने व्यापार बोर्ड की बैठक में राज्य का पक्ष प्रभावी ढंग से रखा।
उद्योग मंत्री ने भारत सरकार तथा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा देशभर में औद्योगिक आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने तथा संतुलित औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई भारत औद्योगिक विकास योजना के लिए आभार व्यक्त किया।
बैठक के दौरान उद्योग मंत्री श्री हर्षवर्धन चौहान ने हिमाचल प्रदेश में व्यापार को सुदृढ़ करने, निर्यात बढ़ाने, औद्योगिक विकास में तेजी लाने तथा निवेश आकर्षित कर सतत आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार की प्रमुख पहलों, प्राथमिकताओं एवं आवश्यकताओं को विस्तार से रखा।
उन्होंने पर्वतीय राज्यों के लिए भारत औद्योगिक विकास योजना के अंतर्गत तैयार औद्योगिक सुविधाओं की स्थापना हेतु न्यूनतम पात्रता सीमा को 25 एकड़ किए जाने पर भारत सरकार का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नीतिगत निर्णय राज्य में नए निवेश आकर्षित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा औद्योगिक विकास को गति देने के साथ-साथ समावेशी एवं सतत आर्थिक विकास सुनिश्चित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उद्योग मंत्री ने बताया कि चार प्रस्तावित औद्योगिक समूहों के विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन अंतिम चरण में हैं और शीघ्र ही भारत सरकार को प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें सोलन जिले के वाकनाघाट स्थित मझोल गांव, नालागढ़ तहसील के घीर-लखनपुर औद्योगिक क्षेत्र, सिरमौर जिले के काला आंब स्थित ओगली गांव तथा ऊना जिले के बीटन-टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र (सार्वजनिक-निजी सहभागिता मॉडल) शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य का निर्यात वर्ष 2003-04 के लगभग 500 करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 20,414 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह राज्य के औद्योगिक आधार, निर्यातोन्मुख विनिर्माण व्यवस्था तथा वैश्विक बाजारों तक पहुंच बढ़ाने के लिए किए गए नीतिगत प्रयासों का परिणाम है।
निर्यात संवर्धन एवं आयात प्रतिस्थापन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्होंने बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में विदेश व्यापार महानिदेशालय का उपकार्यालय स्थापित करने तथा ऊना में प्रस्तावित बल्क ड्रग पार्क में राष्ट्रीय औषधीय शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, मोहाली का उप परिसर स्थापित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इन संस्थानों की स्थापना से निर्यातकों को आवश्यक सहयोग मिलेगा, कारोबार सुगमता में वृद्धि होगी, अनुसंधान क्षमताएं मजबूत होंगी तथा औषधि एवं विनिर्माण क्षेत्रों के विकास को बल मिलेगा।
उन्होंने व्यापार बोर्ड को अवगत कराया कि पर्वतीय राज्यों में अधिक परिवहन एवं माल ढुलाई लागत निर्यात संवर्धन की प्रमुख बाधाओं में से एक है। उन्होंने बेहतर रेल संपर्क, परिवहन व्यवस्था, माल ढुलाई आधारभूत संरचना तथा आवश्यक सहायता तंत्र विकसित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कच्चे माल तथा तैयार उत्पादों की बेहतर आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने चंडीगढ़-बद्दी रेल परियोजना को शीघ्र पूरा किए जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस रेल संपर्क के पूरा होने से बद्दी स्थित अंतर्देशीय माल परिवहन केंद्र पूर्ण रूप से संचालित हो सकेगा, जिससे परिवहन लागत में कमी आएगी तथा राज्य के उद्योगों की निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी।
बैठक में यह भी बताया गया कि हिमाचल प्रदेश के कुल 17 उत्पादों को भौगोलिक संकेतक का दर्जा प्राप्त है, जिनमें हाल ही में सात नए उत्पाद शामिल किए गए हैं। इससे राज्य की समृद्ध विरासत एवं विशिष्ट उत्पाद पहचान को और मजबूती मिली है।
उद्योग मंत्री ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री ने अपने बजट भाषण में एक जिला–तीन उत्पाद पहल की घोषणा की है, जिसका उद्देश्य स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहन देना, मूल्य संवर्धन बढ़ाना तथा स्थानीय उत्पादों के बाजार का विस्तार करना है।
इस पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने प्रस्तावित निर्यात संवर्धन अभियान के अंतर्गत भौगोलिक संकेतक प्राप्त उत्पादों तथा जिला आधारित उत्पाद पहलों को बढ़ावा देने का आश्वासन दिया। उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापार मेलों, प्रदर्शनियों, क्रेता-विक्रेता बैठकों तथा निर्यात संवर्धन कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
उद्योग मंत्री ने आयात प्रतिस्थापन के महत्व पर बल देते हुए कहा कि राज्य सरकार विशेष रूप से ऊना में विकसित किए जा रहे बल्क ड्रग पार्क में नए निवेश आकर्षित करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है, जो भविष्य में औषधि विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बनेगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार निम्नलिखित क्षेत्रों में निर्यात संवर्धन को उच्च प्राथमिकता दे रही है—
• सक्रिय औषधीय संघटक एवं थोक औषधियां
• आँकड़ा केंद्र
• आयुष एवं स्वास्थ्य संवर्धन
• वन आधारित उत्पाद
• खाद्य प्रसंस्करण
• रक्षा क्षेत्र
• विद्युत चालित वाहन
उद्योग मंत्री ने पर्वतीय राज्य के पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखते हुए हरित एवं सतत उद्योगों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
उन्होंने कहा कि निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए राज्य में विश्वस्तरीय परीक्षण, गुणवत्ता प्रमाणन तथा मान्यता सुविधाओं की तत्काल आवश्यकता है। साथ ही निर्यातकों के लिए चरणबद्ध प्रोत्साहन व्यवस्था विकसित करने की भी जरूरत है, जिससे वैश्विक बाजार में उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाई जा सके।
इन विषयों पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा व्यापार बोर्ड के अध्यक्ष श्री पीयूष गोयल ने कहा कि उत्तरी, पर्वतीय तथा स्थल रुद्ध राज्यों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि उनकी निर्यात संबंधी आवश्यकताओं को समझकर लक्षित नीतिगत उपाय किए जा सकें।
उद्योग मंत्री ने यह भी बताया कि विदेश व्यापार महानिदेशालय के समन्वय से जिला स्तर पर जिला निर्यात संवर्धन समितियों का गठन किया जाएगा, जो निर्यात की संभावनाओं की पहचान करने, क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने तथा जिला विशेष उत्पादों के संवर्धन का कार्य करेंगी। इससे राज्य के समग्र निर्यात तंत्र को और मजबूती मिलेगी।
उद्योग मंत्री ने राज्य सरकार की ओर से औद्योगिक आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने, निर्यात को बढ़ावा देने, आयात प्रतिस्थापन को प्रोत्साहित करने तथा सतत औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत सरकार द्वारा दिए गए सहयोग एवं आश्वासनों से हिमाचल प्रदेश को निवेश, विनिर्माण, नवाचार तथा निर्यात के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed