हिमाचल कांग्रेस ने ब्लॉक कार्यकारिणी गठन के लिए 5 जुलाई तक मांगे प्रस्ताव
हिमाचल कांग्रेस ने ब्लॉक कार्यकारिणी गठन के लिए 5 जुलाई तक मांगे प्रस्ताव
कांग्रेस संगठन ब्लॉकों में ज़ोन व पंचायत स्तर पर पदाधिकारियों को करेगा नियुक्त – विनोद ज़िंटा
शिमला: प्रदेश संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी ब्लॉक अध्यक्षों से 5 जुलाई से पूर्व या इस दिन तक अपनी अपनी सम्पूर्ण कार्यकारणी के गठन का प्रस्ताव प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजने को कहा है। उन्होंने कहा है कि कार्यकारणी में पूरी तरह संतुलित सभी वर्गों को पूरा प्रतिनिधित्व देते हुए पार्टी के कर्मठ कार्यकर्तओं को पूरा अधिमान दिया जाना चाहिए।
विनोद ज़िंटा ने आज यहां कहा कि प्रदेश में संगठन को चुस्त दुरुस्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहें है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन ब्लॉकों में ज़ोन व पंचायत स्तर पर पदाधिकारियों को नियुक्त करेगा। उन्होंने कहा कि जिला कार्यकारिणी को भी चुस्त दुरुस्त करने के लिये भी सभी जिला अध्यक्षों से कामकाज व पदाधिकारियों की पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। सभी पदाधिकारियों के कामकाज का पूरा आंकलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निष्क्रिय पदाधिकारियों की जगह क्रियाशील कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी।
विनोद ज़िंटा ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने साफ कर दिया है कि संगठन में क्रियाशील व कर्मठ कार्यकर्तओं को आगे लाया जाना चाहिए। उन्होंने पार्टी में किसी भी प्रकार की अनुशासनहिनता के प्रति भी सचेत करते हुए कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की नरमी नही बरती जानी चाहिए।
ज़िंटा ने बताया है कि जल्द ही प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल प्रदेश के दौरे पर आएंगी व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारियों के कार्यो की समीक्षा बैठक करेंगी।