बिलासपुर: उपनिदेशक उच्च शिक्षा नरेश चंदेल ने जिला बिलासपुर के पात्र शिक्षकों से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए ऑनलाइन स्व-नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। यह पुरस्कार उन शिक्षकों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने अपने नवाचारी शिक्षण, समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार किया है तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए ऑनलाइन स्व-नामांकन प्रक्रिया 15 जून से प्रारम्भ हो चुकी है। जिला बिलासपुर के पात्र शिक्षक 10 जुलाई, 2026 तक अपना ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके उपरांत 11 से 13 जुलाई तक अंतिम सबमिशन एवं आवेदन की पुष्टि की जाएगी।
नरेश चंदेल ने कहा कि जिला बिलासपुर के अनेक शिक्षक शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्य कर रहे हैं। ऐसे शिक्षकों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धियों को प्रदर्शित करने और सम्मान प्राप्त करने का यह एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने पात्र शिक्षकों से समय रहते आवेदन करने तथा आवेदन से पूर्व राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों एवं पात्रता मानदंडों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।













