शिमला: रोहड़ू बुजुर्ग महिला हत्याकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार..
शिमला: रोहड़ू बुजुर्ग महिला हत्याकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार..
शिमला: रोहड़ू के शलाश डोगरी में 16 जून को 77 वर्षीय बुजुर्ग महिला गीता देवी हत्याकांड में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपी नेपाल के रहने वाले हैं और यहां विभिन्न क्षेत्रों में बागवानों के पास काम करते हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी के लिए डंडे से पीटकर बुजुर्ग की हत्या कर दी।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस थाना रोहड़ू में सूचना प्राप्त हुई कि गीता देवी, आयु लगभग 77 वर्ष, निवासी शलाश डोगरी, अपने घर में मृत अवस्था में पाई गई हैं। प्रारंभिक जांच में यह संदेह व्यक्त किया गया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी की नीयत से घर में घुसकर उक्त महिला की हत्या की गई है। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस थाना रोहड़ू में अभियोग संख्या 61/2026 दिनांक 17.06.2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(8), 103(1), 305, 62 एवं 3(5) के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल जांच आरंभ की गई। घटनास्थल को वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित किया गया तथा फॉरेंसिक विशेषज्ञों द्वारा घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण कर महत्वपूर्ण जैविक एवं भौतिक साक्ष्य संकलित किए गए। मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया तथा अन्य आवश्यक फॉरेंसिक साक्ष्य भी सुरक्षित किए गए। यह मामला प्रारंभिक दृष्टि से एक अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं ब्लाइंड मर्डर केस था। घटनास्थल पर कोई प्रत्यक्षदर्शी उपलब्ध नहीं था, मृतका के घर अथवा उसके निकट कोई सीसीटीवी कवरेज उपलब्ध नहीं थी तथा घटनास्थल से किसी बड़ी मूल्यवान संपत्ति के चोरी होने की भी पुष्टि नहीं हुई थी। ऐसे में मामले के अनावरण हेतु पुलिस के समक्ष सीमित प्रारंभिक सुराग उपलब्ध थे। जांच के दौरान मानव स्रोतों एवं तकनीकी साधनों का व्यापक उपयोग किया गया। मृतका के परिजनों, परिचितों तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों से विस्तृत पूछताछ की गई। साथ ही घटनास्थल तक जाने वाले मार्गों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया गया, संदिग्ध वाहन गतिविधियों का अध्ययन किया गया तथा मोबाइल टावर डम्प डाटा का गहन विश्लेषण किया गया।
पुलिस टीमों द्वारा निरंतर एवं अथक प्रयास करते हुए वैज्ञानिक, तकनीकी तथा मानवीय साक्ष्यों को आपस में जोड़कर मामले की कड़ियों को विकसित किया गया। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर दिनांक 22.06.2026 को निम्नलिखित तीन व्यक्तियों को मामले में गिरफ्तार किया गया है:-
1. लाल बहादुर उर्फ लालू पुत्र नन्द बहादुर, आयु 28 वर्ष, निवासी गांव जल्मा, छदागढ़ नगरपालिका-01, थाना दशेरा, नेपाल, वर्तमान में सी/ओ भागमल कापटा, गांव शलान, तहसील टिक्कर, जिला शिमला। 2. नवीन पुत्र बीर बहादुर, आयु 19 वर्ष, निवासी गांव घडेली, छदागढ़ नगरपालिका-01, थाना दशेरा, नेपाल, वर्तमान में सी/ओ लम्बरदार, गांव गढ़शरी, तहसील चिड़गांव, जिला शिमला। 3. संतोष पुत्र बीर बहादुर, आयु 20 वर्ष, निवासी गांव घडेली, छदागढ़ नगरपालिका-01, थाना दशेरा, नेपाल, वर्तमान में सी/ओ राजू कापटा, गांव शलान, तहसील टिक्कर, जिला शिमला।
तकनीकी विश्लेषण के दौरान उपरोक्त आरोपियों की लोकेशन घटना के समय घटनास्थल के आसपास पाई गई। इस महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया तथा संदिग्धों से गहन पूछताछ की। पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में उनकी संलिप्तता सामने आई। जांच के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर अपराध में प्रयुक्त एक डंडा भी बरामद किया गया है, जिसे मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की गई है। आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है तथा मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है। मामले में आगामी वैधानिक कार्रवाई नियमानुसार अमल में लाई जा रही है।