सोलन: यूएचएफ नौणी में फल, सब्जी प्रसंस्करण एवं बेकरी उत्पाद डिप्लोमा के लिए प्रवेश शुरू
सोलन: यूएचएफ नौणी में फल, सब्जी प्रसंस्करण एवं बेकरी उत्पाद डिप्लोमा के लिए प्रवेश शुरू
नौणी: खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में अपना व्यवसाय स्थापित करने के इच्छुक युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एक वर्षीय कौशल आधारित फल, सब्जी प्रसंस्करण एवं बेकरी उत्पाद डिप्लोमा कार्यक्रम में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को खाद्य उत्पादों, बेकरी उत्पादों तथा प्रसंस्करण उद्यमों की स्थापना के लिए आवश्यक व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं तकनीकी कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाना है। इसके तहत प्रसंस्करण तकनीकों, उत्पाद विकास तथा उद्यमिता से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस डिप्लोमा कार्यक्रम में प्रवेश के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10+2 में कम से कम 40 प्रतिशत अंक निर्धारित की गई है। प्रवेश के लिए कोई आयु सीमा नहीं है, जिससे यह कार्यक्रम युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक उद्यमियों के लिए एक आदर्श अवसर बनता है। कार्यक्रम में कुल 35 सीटें उपलब्ध हैं।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 3 अगस्त, 2026 है, जबकि काउंसलिंग 10 अगस्त को आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम की कुल फीस ₹5,000 है, जिसका भुगतान दो किस्तों में किया जा सकता है। प्रॉस्पेक्टस एवं आवेदन पत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट
आवेदकों को 10वीं एवं 12वीं की विस्तृत मार्कशीट की प्रतियां, , स्कूल के प्रमुख या किसी राजपत्रित अधिकारी या संबंधित ग्राम पंचायत प्रधान से चरित्र प्रमाण पत्र, आरक्षण प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) की स्व-सत्यापित प्रति, बैंक ड्राफ्ट( सामान्य श्रेणी के लिए 100 रुपये और एससी/एसटी के लिए 50 रुपये) के साथ संलग्न करना होगा।
आवेदन पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों की सत्यापित प्रतियां पंजीकृत डाक अथवा स्पीड पोस्ट के माध्यम से सहायक कुलसचिव (शैक्षणिक), कुलसचिव कार्यालय, डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी-सोलन (हि.प्र.)–173230 के पते पर भेजी जा सकती हैं। आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों सहित प्रशासनिक भवन के रूम नंबर 217 में व्यक्तिगत रूप से भी जमा किए जा सकते हैं। प्रसंस्कृत खाद्य एवं बेकरी उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह डिप्लोमा कार्यक्रम स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में एक उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है, जिससे प्रशिक्षित विद्यार्थी अपने स्वयं के उद्यम स्थापित कर राज्य के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को सुदृढ़ बनाने में योगदान दे सकेंगे।