राज्यपाल ने कांगड़ा जिला के गुजरेडा में राजकीय प्राथमिक पाठशाला का किया दौरा
राज्यपाल ने कांगड़ा जिला के गुजरेडा में राजकीय प्राथमिक पाठशाला का किया दौरा
कांगड़ा: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज कांगड़ा जिला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय गुजरेडा का दौरा किया। उन्होंने राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, मूलभूत सुविधाओं तथा दूर-दराज क्षेत्रों के विद्यालयों और विद्यार्थियों के समक्ष आने वाली चुनौतियों के संबंध में जानकारी हासिल की। विद्यार्थियों के साथ आत्मीयता के साथ बातचीत करते हुए उन्हें समर्पण एवं आत्मविश्वास के साथ शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि बच्चे राष्ट्र का भविष्य हैं। उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए राज्य के दुर्गम एवं ग्रामीण विद्यालयों में शैक्षिक आधारभूत अधोसंरचना को और सुदृढ़ करना अत्यंत आवश्यक है। भौगोलिक परिस्थितियों के कारण उत्पन्न होने वाली चुनौतियों का समाधान कर प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने बेहतर कक्षाओं, स्वच्छता सुविधाओं, डिजिटल शिक्षण संसाधनों तथा सरकारी ग्रामीण विद्यालयों में अनुकूल शैक्षणिक वातावरण की आवश्यकता पर भी बल दिया। राज्यपाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई) 2.0 तथा पीजीआई-डी 2024-25 रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल कर रहा है तथा प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में देश में छठा स्थान तथा राज्यों की श्रेणी में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। राज्यपाल ने अधिकारियों के साथ उपलब्ध संसाधनों और मानव बल के सर्वाेत्तम उपयोग के लिए विद्यालयों के रणनीतिक समूह की अवधारणा पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के उपाय शिक्षा की गुणवत्ता में वृद्धि करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर प्रदान करने तथा इस क्षेत्र में प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने में सहायक साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रगतिशील समाज के निर्माण में शिक्षा उल्लेखनीय भूमिका निभाती है। उन्होंने शिक्षकों से युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कठिन एवं दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों के प्रयासों की भी सराहना की। इस अवसर पर शिक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।