देश में महंगाई व बेरोजगारी बढ़ना मोदी सरकार की नीतियों व निर्णयों का परिणाम – विनय कुमार
देश में महंगाई व बेरोजगारी बढ़ना मोदी सरकार की नीतियों व निर्णयों का परिणाम – विनय कुमार
शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस अपील पर आश्चर्य जताया है जिसमें उन्होंने पश्चिम एशिया में चल रहे संकट के चलते लोगों से सोना न खरीदने,गाड़ियों, तेल का कम उपयोग करने,विदेश न जाने,खाद्य तेल का कम उपयोग करने,वर्क टू होम करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा है कि एक तरफ केंद्र सरकार देश मे गैस, तेल पेट्रोल सहित किसी भी कमी को नकार रही है तो दूसरी ओर प्रधानमंत्री की लोगों से इस प्रकार की अपील पूरी तरह विरोधाभासी है। उन्होंने कहा है कि देश के पांच राज्यों के चुनावों के समय प्रधानमंत्री देश में सब कुछ ठीक ठाक दिखाते थे पर अब चुनावों के बाद पश्चिमी संघर्ष का संकट का राग अलाप कर देश में लोगों की चिंताओं को बढ़ा रहे हैं। विनय कुमार ने कहा है कि आज जिस प्रकार से देश में महंगाई व बेरोजगारी बढ़ रही है यह सब मोदी सरकार की नीतियों व निर्णयों का ही परिणाम है। अमेरिका के दबाव में मोदी सरकार ने घुटने टेके और यही वजह है कि आज देश तेल,गैस जैसे गंभीर संकट में खड़ा है। देश के लोगों को खाना बनाने की गैस की किल्लत से पहले ही गुजरना पड़ रहा है और अब अगर पेट्रोल डीजल या खाद्य तेलों पर भी संकट आता है तो यह सब मोदी की देन होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी विफलताओं के लिये देश से माफी मांगनी चाहिए, और देश की इस संकट से बाहर निकालने के ठोस उपाय करने चाहिए।