चंबा : जिला चंबा में भटियात के ककीरा में आज सुबह तीन बजे के करीब पर्यटकों से भरी एक गाड़ी ( टैक्सी नंबर एचपी 01एम-2961) दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में छह लोगों की मौत हुई है जबकि चार घायल हैं। दुर्घटनाग्रस्त इनोवा क्रिस्टा गाड़ी में गुजरात के टूरिस्ट सवार थे। ये लोग मनाली से डलहौजी घूमने जा रहे थे। हादसे के वक्त क्षेत्र में भारी बारिश हो रही थी। गाड़ी में ड्राइवर समेत कुल 10 लोग सवार थे। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन मंडी नंबर की टैक्सी इनोवा क्रिस्टा थी। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम और सड़क पर फिसलन को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। चुवाड़ी अस्पताल में घायल पर्यटकों को प्राथमिक उपचार देने के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विजय कुमार सकलानी ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
CM सुक्खू ने सड़क दुर्घटना में छः लोगों के निधन पर किया शोक व्यक्त शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चंबा जिले के लाहड़ू-तुणुहट्टी मार्ग पर ककीरा के पास हुई दुर्घटना में छह लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में चार लोग घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को इलाज की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की तथा दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।