कुल्लू: राष्ट्रपति दौरे के मद्देनज़र कुल्लू में यातायात व्यवस्था में बदलाव

कुल्लू:  राष्ट्रपति का हिमाचल प्रदेश प्रवास 27 अप्रैल से 2 मई 2026 तक निर्धारित है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 29 अप्रैल को राष्ट्रपति अटल टनल रोहतांग के दौरे पर रहेंगे।

दौरे के दृष्टिगत जिला प्रशासन कुल्लू ने यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी कुल्लू, अनुराग चन्द्र शर्मा द्वारा जारी आदेशों के अनुसार 29 अप्रैल को वीवीआईपी आगमन/दौरे के दौरान पलचान पुल से अटल टनल रोहतांग (दक्षिण पोर्टल) की ओर किसी भी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। यह प्रतिबंध दोपहर 12 बजे तक अथवा दौरा समाप्त होने तक, जो भी बाद में हो, प्रभावी रहेगा।

इसके अतिरिक्त, पलचान पुल की ओर आने वाले सभी वाहनों को निर्धारित अवधि के दौरान गुलाबा की ओर मोड़ा जाएगा। वहीं, वशिष्ठ चौक से रोहतांग की ओर जाने वाले यातायात पर भी रोक रहेगी तथा वाहनों को वशिष्ठ क्षेत्र की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने स्थानीय निवासियों एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा प्रशासन का सहयोग करें, ताकि वीवीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखा जा सके।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed