सोलन: जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट डिजायर कार से 8 ग्राम चिट्टा बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई 22 मार्च, 2026 को की गई। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी लेने पर कार में सवार दो युवकों के कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुश उर्फ बिन्नी (26) पुत्र रामेश्वर ठाकुर निवासी गांव कोहरी, तहसील कंडाघाट तथा जतिन कुमार (30) पुत्र सीता राम निवासी गांव दोलग, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन के रूप में हुई है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना सदर सोलन में मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। आरोपी जतिन कुमार के खिलाफ चोरी के 6 मामले दर्ज हैं, जिनमें 4 मामले पुलिस थाना कंडाघाट, 1 धर्मपुर और 1 सदर सोलन में दर्ज है। वहीं अंकुश उर्फ बिन्नी के खिलाफ भी पहले नशा तस्करी का एक मामला दर्ज पाया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगामी जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।