भाजपा ने जो षड्यंत्र करने थे वह कर चुकी है अब आगे उसका कोई भी षड्यंत्र सफल होने वाला नहीं – संजय अवस्थी

शिमला: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा है कि प्रदेश में ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पूरी मजबूती के साथ अपना कार्यकाल पूरा करेंगी। उन्होंने कहा है कि छह उप चुनाव परिणामों से साफ हो गया है कि प्रदेश में जनमत पूरी तरह कांग्रेस के पक्ष में है।

संजय अवस्थी ने कहा है कि प्रदेश के लोगों ने छह विधानसभा उप चुनावों में भाजपा को उसके षड्यंत्रों का मुंहतोड़ जवाब दे दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की असफल कोशिश की, छह कांग्रेस के विधायको की खरीद फरोख्त के साथ तीन निर्दलीय विधायको के राजनैतिक भविष्य को भी दांव पर लगा दिया है । उन्होंने कहा कि अब तीन उप चुनावों में भी कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहरायेगी। 

संजय अवस्थी ने कहा है कि केंद्र में भाजपा का 400 पार का नारा बुरी तरह फ्लॉप हुआ है। भाजपा ने यह चुनाव जीतने के लिए जो जो हथकंडे अपनाएं वह किसी से छुपे नहीं है। विपक्ष के नेताओं को डरा धमका कर, उन्हें जेल में डाल कर,कांग्रेस के खातों को सीज करवा कर लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार तार किया फिर भी वह 400 का आंकड़ा पार नहीं कर पाई। 

संजय अवस्थी ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि वह आये दिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार को थोड़े दिनों की सरकार बता कर जो बयानबाजी कर रहें हैं वह पूरी तरह आपत्तिजनक है।वह जनमत का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के बहुमत का आंकड़ा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के पास है और आने वाले समय में यह आंकड़ा ओर भी बढ़ेगा। भाजपा ने जो षड्यंत्र करने थे वह कर चुकी है अब आगे उसका कोई भी षड्यंत्र सफल होने वाला नही। उन्होंने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में पूरी तरह मजबूत है ।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed