हिमाचल: प्रदेश में स्कूल में घुसकर मिड-डे मील वर्कर की हत्या…शिक्षा मंत्री ने शैक्षणिक संस्थानों में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
हिमाचल: प्रदेश में स्कूल में घुसकर मिड-डे मील वर्कर की हत्या…शिक्षा मंत्री ने शैक्षणिक संस्थानों में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
कांगड़ा: कांगड़ा जिले के उपमंडल देहरा के तहत ग्राम पंचायत चनौर में वीरवार दोपहर राजकीय प्राथमिक पाठशाला में एक सिरफिरे व्यक्ति ने स्कूल परिसर में घुसकर मिड-डे मील वर्कर की दराती से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावर ने विद्यार्थियों और कुछ अध्यापकों के सामने ही इस खूनी खेल को अंजाम दिया। मृतका की पहचान 59 वर्षीय सुलोचना देवी पत्नी विशंभर दास निवासी चनौर के रूप में हुई है। हत्या के आरोपी राकेश कुमार उर्फ मोनू (48) निवासी चनौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस मामले में हत्या के कारणों की जांच में जुटी है। स्कूल सेंटर हेड टीचर सरिता देवी के अनुसार दोपहर के समय अचानक विद्यार्थियों के चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब वे मौके पर पहुंची तो मिड डे मील वर्कर सुलोचना देवी रसोई के दरवाजे के बाहर खून से लथपथ गिरी हुई थी और आरोपी वहीं पर खड़ा था। आरोपी कह रहा था कि वह इसके टुकड़े-टुकड़े कर देगा। घटना के दौरान अध्यापकों ने साहस दिखाते हुए तुरंत बच्चों को कमरों के भीतर बंद कर दिया, जिससे उन पर हमला न हो सके। शिक्षकों ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया, तो वह उन्हें भी धमकाने लगा और आरोपी काबू में नहीं आ रहा था। वहीं, शोर सुनकर पास स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल चनौर के अध्यापक भी मौके पर पहुंच गए और आरोपी काबू में नहीं आया तो शिक्षकों ने उस पर पत्थर बरसाए। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। हालांकि, तब तक सुलोचना देवी दम तोड़ चुकी थीं।
सूचना मिलते ही डाडासीबा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया है।
शिक्षा मंत्री ने शैक्षणिक संस्थानों में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश प्राथमिक विद्यालय चनौर में हुई घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने देहरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चनौर के प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील वर्कर सलोचना देवी की हत्या की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए सबसे सुरक्षित स्थान होने चाहिए।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और कानून के अनुसार सख्त एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने शिक्षा विभाग को राज्य के सभी विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था की तुरंत समीक्षा करने और उसे अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए ताकि विद्यार्थियों, शिक्षकों, मिड-डे मील वर्करों सहित सभी सहायक कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में ऐसी घटना न हो।
शिक्षा मंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग इस दुःख की घड़ी में परिवार के साथ है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने दिवंगत की आत्मा की शांति तथा परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।