ताज़ा समाचार

मण्डी: निजी बस दुर्घटनाग्रस्त, बुजुर्ग महिला की माैत; 3 घायल

मण्डी:  जिले में निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। हादसे में एक बुजुर्ग महिला की माैत हो गई, जबकि तीन यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है। जानकारी के अनुसार आज सुबह 8:00 बजे एक प्राइवेट बस चरखड़ी के पास उस वक्त हादसे का शिकार हो गई जब ड्राइवर बस स्टार्ट करके चाय पीने चला गया। एएसपी मंडी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि हादसे के वक्त बस में एक बच्चा व तीन महिलाएं सवार थीं। बस अचानक पीछे की तरफ खिसकती हुई गई। इस हादसे में 75 वर्षीय कलावती की मौत हो गई है।  जबकि 11 वर्षीय यक्षित और उसकी 31 वर्षीय माता गीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इन दोनों का आईजीएमसी शिमला में उपचार चल रहा है। एक अन्य महिला 55 वर्षीय कृष्णा देवी को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। 

एक अन्य हादसे में सुंदरनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत घिड़ी के कुशला गांव में रसोईघर में आग लगने से अंदर सो रही 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला हिमी देवी की जलकर मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। 

एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने बताया कि तीसरे हादसे में सुंदरनगर उपमंडल के तहत आने वाले सलापड़-ततापानी सड़क पर आज सुबह एक कार अनियंत्रित होकर सतलुज नदी में जा गिरी। कार में सवार दो लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान नगीन कुमार और कुलदीप के रूप में हुई है जोकि पंजोलठ गांव के रहने वाले हैं।

मण्डी में निजी बस हादसे पर भाजपा नेताओं ने व्यक्त किया गहरा शोक

दिवंगत आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

मण्डी:  प्रदेश के मंडी जिले के पांगणा क्षेत्र में चरखड़ी गांव के समीप सोमवार सुबह निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की दुःखद मृत्यु तथा कई यात्रियों के घायल होने की घटना पर डॉ. राजीव बिंदल, जयराम ठाकुर एवं कंगना रनौत ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। दिवंगत महिला के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ देने की प्रार्थना की। उन्होंने जिला प्रशासन से घायलों को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सीय सहायता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी जिले में हुआ यह हादसा दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा इस दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और प्रशासन से राहत एवं उपचार कार्यों में कोई कमी न रखने का अनुरोध करती है।
मंडी से सांसद कंगना रनौत ने भी दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस हादसे की सूचना अत्यंत व्यथित करने वाली है। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
इस दुःखद घटना पर जगत प्रकाश नड्डा एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने दिवंगत महिला के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
भाजपा परिवार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है और ईश्वर से प्रार्थना करता है कि उन्हें इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed