हिमाचल: प्रदेश मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ बना रहने के आसार जताए हैं। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का पूर्वानुमान है। राज्य में समूचे सप्ताह मौसम साफ व शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में मौसम शुष्क बना हुआ है। सप्ताह के दौरान राज्य में मौसम के शुष्क रहने की संभावनाएं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा का कहना है कि आगामी सप्ताह में भी प्रदेश में शुष्क परिस्थितियां बनी रहेंगी और 21 अक्तूबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है।