जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ में हिमाचल का जवान शहीद..

शिमला: बिलासपुर जिले के उपमंडल झंडूता के थेह गांव के हवलदार बलदेव चंद(35) ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में आतंकियों से हुई मुठभेड़ में शहादत पाई है। बलदेव चंद शुक्रवार देर रात को उधमपुर के जंगल में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में घायल हो गए। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। सेना की तरफ से आज सुबह परिजनों को​​​​​​ ​बेटे की शहादत की सूचना दी गई। बलदेव चंद भारतीय सेना में 13-14 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे थे। बलदेव चंद के पिता सेवानिवृत्त हवलदार बिशन दास, ताया और चाचा भी सेना में सेवाएं दे चुके हैं। बलदेव चंद अपने पीछे 6 साल का बेटा ईशान, पत्नी शिवानी, माता-पिता व छोटा भाई दिनेश चन्द को छोड़ गए हैं। शहीद वीर सैनिक के पार्थिव देह की (रविवार) को दोपहर तक पैतृक गांव थेह में पंहुचने की संभावना है।

बलदेव चन्द की शहादत पर मुख्यमंत्री ने किया शोक व्यक्त

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बलदेव चन्द की शहादत पर शोक व्यक्त किया है। बदलेव चन्द 4 राष्ट्रीय राइफल्स (बिहार) के जवान थे और जम्मू-कश्मीर में आंतकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए। वह जिला बिलासपुर की झंडूता तहसील के गंगलोह गांव से संबंध रखते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बलदेव चन्द ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए। उनके इस सर्वोच्च बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस दुःख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed