नई दिल्ली : संघर्ष विराम के बाद पाकिस्तान ने भारत के लिए अपना एयर स्पेस खोला। पाकिस्तान ने हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंध को हटा लिया है। भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम को संघर्ष विराम हो गया है। भारतीय सेना की ओर से दिए जा रहे मुंहतोड़ जवाब के चलते बैकफुट आए पाकिस्तान की पहल पर भारत संघर्ष विराम के लिए राजी हुआ है। दोनों देशों के बीच हुए संघर्ष विराम की पुष्टि विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने की है। विदेश सचिव की यह संक्षिप्त घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यह कहने के तुरंत बाद आई है। ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा था कि भारत और पाकिस्तान अमेरिका की मध्यस्थता में वार्ता के बाद “पूर्ण और तत्काल” युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं।
बता दें कि पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान में घुसकर ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया था। इसके बाद पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइल से पंजाब औऱ जम्मू में हमले किए। लेकिन भारत ने हर मिसाइल को नाकाम कर दिया था। पाकिस्तान के किसी मंसूबे को कामयाब नहीं होने दिया। हालांकि, सीजफायर के बाद भी भारत पूरी तरह से सक्रिय है।
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलट्री ऑपरेशन ने भारतीय डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलट्री जनरल को दोपहर 3.35 बजे फोन किया। दोनों इस बात पर सहमत हुए कि दोनों देश भारतीय समयानुसार 5 बजे से गोलीबारी और जमीन, आकाश और जल पर सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे। इस संबंध में दोनों तरफ निर्देश दे दिए गए हैं। विक्रम मिसरी ने जानकारी दी कि दोनों देश के DGMO फिर 12 मई को बात करेंगे।