‘हॉली लॉज’ में उत्सवी माहौल में मनाया मुख्यमंत्री का 83वां जन्म दिन

  • मुख्यमंत्री के 83वें जन्म दिन पर बधाईयों का तांता
  • प्रदेश के विभिन्न स्थानों से परम्परागत वेश-भूषा लोगों ने मुख्यमंत्री को दी जन्म दिन की बधाई
  • मुख्यमंत्री, उनकी धर्मपत्नी एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, पुत्र एवं प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह इस अवसर पर रहे मौजूद
  • प्रधानमंत्री मोदी ने दी ट्वीट कर मुख्यमंत्री की दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन के लिए शुभकामनाएं
  • प्रदेश सरकार के सभी मंत्री, मुख्य संसदीय सचिव, विधायकगण, विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, सेना एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने दीं मुख्यमंत्री को जन्म दिन पर शुभकामनाएं
  • वीरभद्र सिंह ने इस अवसर पर संजौली में रक्तदान शिविर का शुभारम्भ
  • राजनैतिक प्रतिद्वंदियों के साथ वैचारिक मतभेद लेकिन किसी के साथ व्यक्तिगत मतभेद नहीं : मुख्यमंत्री

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के 83वें जन्म दिवस पर आज उनके निजी निवास ‘हॉली लॉज’ में उत्सवी माहौल दिखा, जहां प्रदेश के विभिन्न स्थानों से परम्परागत वेश-भूषा पहने लोगों ने उन्हें जन्म दिन की बधाई दी और उनकी दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। आज प्रातः काल से ही लोगों की भारी भीड़ हॉली लॉज में जुटनी आरम्भ हो गई थी और दोपहर तक यह सिलसिला चलता रहा। मुख्यमंत्री, उनकी धर्मपत्नी एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, पुत्र एवं प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी आज प्रातः ट्वीट कर मुख्यमंत्री की दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन के लिए शुभकामनाएं दी।

प्रदेश सरकार के सभी मंत्री, मुख्य संसदीय सचिव, विधायकगण, विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, सेना एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री को जन्म दिन पर मंगल कामनाएं दीं। वीरभद्र सिंह ने इस अवसर पर संजौली में रक्तदान शिविर का शुभारम्भ किया और राज्य पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष हरीश जनारथा द्वारा इन्दिरा गांधी चिकित्सालय में आयोजित भंडारे में भी भाग लिया तथा लोगों को भोजन वितरित किया।

मुख्यमंत्री ने मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान कहा कि वह ईश्वर में विश्वास रखने वाले व्यक्ति हैं और स्वयं, प्रकृति के नियमों तथा सच्चाई में प्रगाढ़ विश्वास रखते हैं। उन्हें किसी भी प्रकार की जांच का डर नहीं है और अन्त में सच्चाई की जीत होगी। उनका कहना था कि उनकी छवि को धूमिल करने के लिए केन्द्रीय जांच एजेंसियां जान-बूझकर जांच कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वह मानवता की सेवा में विश्वास रखते हैं और सबसे बड़ी बात यह है कि लोगों का प्यार और विश्वास हमेशा उनके साथ बना हुआ है। उन्होंने कहा कि राजनैतिक प्रतिद्वंदियों के साथ वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन उनका किसी के साथ व्यक्तिगत मतभेद अथवा विरोध नहीं हैं।

कांग्रेस पार्टी में उनके उत्तराधिकारी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौड़ में जो भी शामिल होगा वह अपनी योग्यता के आधार पर आगे आएगा। उन्होंने कहा कि अपने लम्बे राजनीतिक जीवन में उन्हें किसी भी बात का पश्चाताप नहीं है और वह प्रत्येक दिन एक नई शुरूआत और नए जोश के साथ आरम्भ करते हैं।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *