ताज़ा समाचार

हिमाचल: विधानसभा बजट सत्र में होंगी 16 बैठकें; गूंजेंगे 963 सवाल; मुख्यमंत्री 17 मार्च को करेंगे बजट पेश

शिमला: विधान सभा सचिवालय में  आगामी बजट सत्र के दृष्टिगत पत्रकार दीर्घा समिति की  बैठक व पत्रकार वार्ता का आज आयोजन किया गया। बैठक के उपरान्त पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए हि0प्र0 विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की चौदहवीं विधान सभा का अष्टम सत्र दिनाँक 10 मार्च, 2025 को अपराह्न 2:00 बजे माननीय राज्यपाल महोदय के अभिभाषण के साथ  आरम्भ होगा।

                    पठानियां ने कहा  कि यह सत्र 28 मार्च, 2025 तक चलेगा तथा इस सत्र में कुल 16 बैठकें होंगी। राज्यपाल महोदय के अभिभाषण पर 11 से 13 मार्च तक  चर्चा होगी तथा पारण होगा।  17 मार्च, 2025 को सोमवार के दिन अपराह्न 2:00 बजे मुख्यमंत्री हि0 प्र0 सुखविन्दर सिंह सुक्खू वित्तीय वर्ष 2025-2026 के लिए  बजट अनुमानों को प्रस्तुत करेंगे। यह वर्तमान सरकार का तीसरा बजट सत्र होगा । 18 से 21 मार्च तक बजट अनुमान वित्तीय  वर्ष 2025-2026 पर चर्चा होगी जबकि 24 से 26 मार्च को बजट अनुमान 2025-2026 मांगो पर चर्चा एवं मतदान होगा तथा 26 मार्च को मांगो पर चर्चा विनियोग विधेयक- पूर: स्थापना, विचार विमर्श एवं पारण होगा। 22 मार्च व 27 मार्च, 2025  के दिन गैर सरकारी कार्य सदस्य दिवस के लिए निर्धारित किए गए हैं।

        पठानियां ने कहा कि 12 मार्च तक माननीय सदस्य अपनी सूचनाएं इस सचिवालय को भेज सकते हैं।  उन्होने कहा कि विधान सभा सचिवालय बजट सत्र के आयोजन के लिए पूरी तरह से सजग है तथा तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। बजट सत्र के दृष्टिगत विधान सभा की  सुरक्षा को चाक – चौबंद करने हेतु पिछले कल अपराह्न 3:30 बजे हि0प्र0 सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की गई जिसमें अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए अलबत्ता प्रशासन पहले से ही तैयारियों में जुटा है। परिवहन, सुरक्षा तथा पार्किंग व्यवस्था को सुनिश्चित  करने के लिए अधिकारियों को पहले ही जरूरी निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त विधान सभा सचिवालय तथा परिसर में चल रहे मुरम्मत तथा विकासात्मक कार्यों को समय पर पूर्ण करने के लिए भी विशेषकर लोक निर्माण विभाग तथा लोक निर्माण विभाग (विद्युत) के अधिकारियों को पहले ही निर्देशित किया गया था जो अब पूर्ण हो चुका है।

       कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि इस सत्र में माननीय सदस्यो से कुल 963 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं जिसमें 737 प्रश्न तारांकित  (Online 680 व  Offline 57 ) तथा  226 प्रश्न अतारांकित (Online  223 व  Offline 03) की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं जिन्हें नियमानुसार सरकार को आगामी कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया है। इसके अतिरिक्त नियम 61, 63, 67 तथा 324  के तहत  अभी तक कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है जबकि नियम 62 के अन्तर्गत 9 सूचनाएं, नियम 101 के अन्तर्गत 5  सूचनाएं, नियम 130 के अन्तर्गत 10 सूचनाएं प्राप्त हुई है जिन्हें  आगामी कार्रवाई हेतु सरकार को प्रेषित कर दिया गया है। माननीय सदस्यों से जो सूचनाएं प्रश्नों के माध्यम से प्राप्त हुई हैं वह मुख्यत: सड़कों की दयनीय स्थिति, स्वीकृत सड़कों की DPR’s, प्रदेश में महाविद्यालयों, स्कूलों, स्वास्थ्य संस्थानों इत्यादि का उन्नयन एवं विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की पदपूर्ति, पर्यटन, उद्यान, पेयजल की आपूर्ति, युवाओं में बढ़ते नशे के प्रयोग की रोकथाम, बढ़ते अपराधिक मामलों व सौर ऊर्जा तथा परिवहन व्यवस्था तथा प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान पर किए गए प्रबन्धों पर आधारित है। इसके अतिरिक्त माननीय सदस्यों ने प्रश्नों के माध्यम से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से सम्बन्धित मुख्य मुद्दों को भी उजागर किया है।

           पठानिया ने कहा कि प्रश्नकाल के तुरन्त बाद शून्यकाल होगा जिसकी समय अवधि 20 मिनट रहेगी एक विधायक केवल एक ही प्रश्न पूछ सकता है जिसकी अवधि 3 मिनट से ज्यादा नहीं होगी।

         पठानिया ने कहा कि उनका सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के माननीय सदस्यों से अनुरोध रहेगा कि वे जनहित से जुडे़ मुद्दों को ही सदन में उठाएं तथा हिमाचल प्रदेश विधान सभा की परम्पराओं  तथा गरिमा का सम्मान करते हुए नियमों  की परिधि में रहकर जनहित से सम्बन्धित विषयों पर सदन में सार्थक चर्चा करें तथा सत्र के संचालन में अपना रचनात्मक सहयोग दें। सत्र अविलम्ब चलता रहे इसके लिए 9 मार्च  को अपराहृन 1:00 बजे दलीय  बैठक बुलाई है जिसमें माननीय संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान, नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर, उप-मुख्य सचेतक हिमाचल प्रदेश सरकार केवल सिंह पठानियां तथा माननीय सदस्य एवं  मुख्य सचेतक (प्रतिपक्ष) सुख राम चौधरी शामिल होंगे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed