शिमला: शिमला के संजौली में मस्जिद में हुए अवैध निर्माण को लेकर लगातार बयानबाजी हो रही है। विधानसभा में बुधवार को शिमला के उप नगर संजौली में मस्जिद निर्माण का मामला उठा। नियम 62 के तहत विधानसभा के मानसून सेशन में संजौली में बनी अवैध मस्जिद का मामला उठाते हुए विधायक बलवीर वर्मा ने कहा संजौली में अनेक धार्मिक स्थल, मंदिर, सत्संग भवन, स्कूल कॉलेज हैं जहां मस्जिद बनाई जा रही है। वहां 99 फीसदी एक समुदाय के लोग रहते हैं। मस्जिद में स्पीकर लगता है तो लोगों को इससे परेशानी होती है। मस्जिद के अवैध निर्माण को लेकर शिकायतें हुई हैं पर उस पर कोई एक्शन नहीं लिया गया।
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का जवाब देते हुए लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा सभी की भावनाओं का सम्मान करना होगा। उन्होंने सदन में कहा कि कांग्रेस पार्टी की ही सरकार ने प्रदेश में धर्मांतरण का कानून लेकर आई थी। हम कानून के दायरे में रहकर इस मामले में कार्रवाई करेंगे।
पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए कहा कि संजौली में मस्जिद के कारण लोगों में आक्रोश है। एक विशेष समुदाय के नए-नए लोग रोज यहां आ रहे हैं। उन्होंने कहा स्थानीय अवैध ढारा बना दें, तो उसे तोड़ दिया जाता है गौली में बिना परमिशन बहुमंजिला मस्जिद बना लेकिन इसे तोड़ा नहीं गया। उन्होंने ने कहा जब इसका निर्माण किया गया तो प्रशासन कहाँ सोया था। इनका बिजली-पानी क्यों नहीं काटा गया। अनिरुद्ध सिंह ने हिमाचली बोनोफाइड को रेहड़ी-फड़ी देने की मांग की।
सदन में कांग्रेस विधायक हरीश जनारथा ने कहा कि शनिवार रात को हमारे अपने लोगों के बीच झगड़ा हुआ। अब इस झगड़े को कुछ और रंग देने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की और 6 आरोपियों को अरेस्ट किया। ये मस्जिद वक्फ बोर्ड की जमीन पर बनी है। इसमें 10-15 साल पहले निर्माण शुरू हुआ। आसपास की जमीन भी वक्फ बोर्ड की है। अगर वक्फ बोर्ड एक्शन लेता है तो हमारे लोग भी फंस जाएंगे। केस MC में लगा है। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण पर तुरंत एक्शन होना चाहिए। बिना मतलब का तूल नहीं दिया जाए। कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।
बता दें शिमला के संजौली में एक मस्जिद है। यहा पर पहले एक ही मंजिल थी, लेकिन बीते तीन चार साल पहले यहां पर अवैध तौर पर तीसरी और चौथी मंजिल बना दी गई। अब इस मामले में निगम के पास सुनवाई चल रही है। कोराना काल के बीच इस मस्जिद के तीसरे और चौथे फ्लोर का निर्माण किया गया है। बीते रविवार को यहां पर प्रदर्शन किया गया था।