भाजपा में भीतर अंतर्कलह के साथ-साथ विद्रोह की स्थिति; गुण दोष के आधार पर होगी बागियों की घर वापसी- रजनीश किमटा

शिमला: प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री रजनीश किमटा ने दावा किया है कि प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों के साथ साथ छह विधानसभा उप चुनावों में कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहरायेगी। उन्होंने कहा कि 4 जून को चुनाव परिणामों के बाद प्रदेश की कांग्रेस सरकार और भी मजबूत होगी।  उन्होंने कहा है कि कांग्रेस सरकार के पास पूर्ण बहुमत है और सरकार को किसी भी प्रकार का कोई राजनैतिक खतरा नहीं है।
आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक पत्रकार सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए  किमटा ने कहा कि  आज भाजपा के भीतर अंतर्कलह के साथ साथ विद्रोह की स्थिति  पैदा हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उप चुनाव कांग्रेस का भाजपा के साथ नहीं है,बल्कि यह चुनाव तो बागी कांग्रेस विधायकों के साथ हो रहा है,जिसमें उन्हें करारी हार का मुंह देखना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक राजनीतिक षड्यंत्र के तहत प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की है और उसे इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में लोकतंत्र की मर्यादा को तार तार कर प्रदेश के जनमत का अपमान किया है और प्रदेश पर छह उप चुनाव लोगों पर थोपे हैं।
किमटा ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी सभी चुनावी तैयारियां पूरी कर दी है।  पार्टी के सभी नेता,पदाधिकारी व कार्यकर्ता पूरी तरह चुनाव मैदान में डट गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पार्टी प्रत्याशियों  की  मंथन के साथ साथ नामों पर सहमति बन चुकी है और जल्द ही पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी।

कंगना का विक्रमादित्य सिंह को मण्डी से बाहर का बताना- मतलब संसदीय क्षेत्र की पूरी जानकारी नहीं होना दर्शाता है

रजनीश किमटा ने मण्डी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना के चुनाव मैदान में उतारने को लेकर भाजपा से जानना चाहा कि क्या कंगना का नाम प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी द्वारा भेजा गया था। उन्होंने कहा कि कंगना ने कभी भी हिमाचल को अपना घर नहीं माना। उन्होंने उनके 2021 ग्वालियर के एक ट्वीट  का हवाला दिया जिसमें उन्हें हिमाचल से चुनाव लड़ने की बात कही गई थी, उन्होंने साफ किया था कि हिमाचल जैसे छोटे राज्य से वह कोई चुनाव नही लड़ना चाहती से साफ है कि हिमाचल प्रदेश के प्रति उनकी मानसिकता में विकार रहा है। उन्होंने कहा कि उनका लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को मण्डी से बाहर का बताना उनका इस संसदीय क्षेत्र की पूरी जानकारी नहीं होना दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रामपुर मण्डी संसदीय क्षेत्र का अहम हिस्सा है  और  यहां से पूर्व मुख्यमंत्री स्व वीरभद्र सिंह के साथ साथ बर्तमान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह तीसरी बार सांसद के तौर पर मंडी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय कंगना ने कभी भी न तो मण्डी की कोई सुध ली और न ही प्रदेश की। उन्होंने कहा कि मण्डी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस की शानदार जीत होगी।

भाजपा सांसद सुरेश कश्यप को लिया आड़े हाथ कहा- पांच साल के कार्यकाल में उन्होंने ऊपरी क्षेत्र के साथ विकास के मामले में किया भेदभाव 

किमटा ने शिमला संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद सुरेश कश्यप को भी आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वह अपने पांच साल के कार्यकाल में उन्होंने कभी भी लोगों की कोई सुध नही ली। उन्होंने कहा कि उन्होंने शिमला से ऊपरी क्षेत्र के साथ विकास के मामले में भेदभाव किया। 300 से ज्यादा पंचायतों को सांसद निधि से एक रुपया तक नही दिया। उन्होंने कहा कि आपदा के समय लोग अपने सांसद को ढूंढते रहें पर वो कहीं भी नही मिले। उन्होंने कहा कि वोट की खातिर आज लोगों के सामने नतमस्तक हो रहें है। उन्होंने कहा कि सुरेश कश्यप शिमला संसदीय क्षेत्र के लोगों के हितों का सरंक्षण नही कर पाए। उन्होंने कहा कि न तो बागवानों के हितों की रक्षा करवा सकें और न ही किसानों की। उन्होंने कहा कि कश्यप पूरी तरह असफल सांसद साबित हुए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी चारों लोकसभा सीटों पर मजबूत प्रत्याशी उतार रही है और सभी पर विजय हासिल करेगी।
एक प्रश्न के उत्तर में किमटा ने कहा कि बागियों की घर वापसी गुण दोष के आधार पर होगी। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सभी सीटों पर प्रत्याशी चयन को लेकर सहमति बन चुकी है। सीईसी की बैठक में इन नामों पर अंतिम मोहर लगते ही इनकी घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठन और सरकार के बीच मजबूत तालमेल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने 15 माह के कार्यकाल की उपलब्धियों जिनमें कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन बहाल करना व महिलाओं को 1500 रुपये की गारंटी प्रमुख है को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में अपनी सभी चुनावी गारंटियों को पूरा करेगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed