न तो बागियों के सपने पूरे होंगे और न ही भाजपा के अरमान- संजय अवस्थी

शिमला: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नव नियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का एकजुट होने व लोकसभा चुनावों में पार्टी की नीतियों व निर्णयों का व्यापक प्रचार प्रसार करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि  प्रदेश में कांग्रेस के पास जनमत है और इसे कोई चुरा नहीं सकता।
आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष पद संभालने पर उनके सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह में संजय अवस्थी ने उनकी इस नई ताजपोशी के लिये राष्ट्रीय नेतृत्व,प्रदेश नेतृत्व व मुख्यमंत्री सहित सभी नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिये वह दिन रात एक कर देंगे।
अवस्थी ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की जो कोशिश की है उसके लिए प्रदेश के लोग उसे कभी माफ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के छह विधायकों ने पार्टी की पीठ पर छुरा घोपने की कोशिश की है,उसके लिए उसे प्रदेश के लोग कभी माफ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सभी चारों लोकसभा सीटों के साथ साथ छह विधानसभा उप चुनावों में भी शानदार जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि न तो बागियों के सपने पूरे होंगे और न ही भाजपा के अरमान। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस बहुत ही मजबूत है और इसी मजबूती के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed