जल्द होगी लोकसभा चुनाव व विधानसभा उप चुनावों के लिये पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा – रोहित ठाकुर

शिमला: शिमला संसदीय क्षेत्र के चुनाव प्रभारी शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस प्रदेश की चारों लोकसभा व विधानसभा उप चुनावों में  मजबूती के साथ उतरेगी। उन्होंने कहा कि शिमला संसदीय क्षेत्र  इस बार कांग्रेस की झोली में आएगा।
आज यहां कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक पत्रकार सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए रोहित ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में अपने एक साल के कार्यकाल की सफलताओं को लोगों के समक्ष रखेगी। उन्होंने कहा कि  आपदा के बाबजूद कर्मचारियों को ओपीएस लागू कर,महिलाओं को 1500 रुपए की गारंटी पूरी कर कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में एक इतिहास रचा है। भाजपा महिलाओं को 1500 का विरोध कर रही है जिससे इनका महिला विरोधी चेहरा सामने आ गया है ।
 उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखबिंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार जन हितेषी व महिला हितेषी है,जबकि भाजपा इसके विपरीत है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या की है और प्रदेश के लोग इसे सबक सिखाएंगे। उन्होंने कहा कि विधायको की खरीद फरोख्त कर सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया।
रोहित ठाकुर ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार से प्रदेश की कांग्रेस सरकार को 76 हजार करोड़ से अधिक का ऋण व 10 हजार करोड़ से अधिक की कर्मचारियों की देनदारियां विरासत में मिली है। माली हालत के बाबजूद मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में आई  प्राकृतिक आपदा से लोगों को 4500 करोड़ का राहत कोष स्थापित कर प्रभावित लोगों की पूरी मदद की। इसके अतिरिक्त राहत राशि को बढ़ाया गया।
रोहित ठाकुर ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने प्रदेश की कोई भी मदद नही की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा ही राजनीति कर लोगों को झूठ बोल कर गुमराह किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट में सभी वर्गों को किसानों,बागवानों को राहत दी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही लोकसभा चुनाव व विधानसभा उप चुनावों के लिये पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी और प्रदेश में  पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार शुरू कर दिया जाएगा।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed